Logo
Parliament Winter Session 2023 Updates: कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कल्याण बनर्जी को निलंबित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सदन और अध्यक्ष के अधिकार की अवहेलना करने वाले सदस्य (सांसद) को निलंबित किया जाना चाहिए।

Parliament Winter Session 2023 Updates: संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान विपक्षी सांसदों के व्यवहार से राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ बुरी तरह आहत हुए। उन्होंने सदन में कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह को संबोधित करते हुए कहा कि गिरावट की कोई हद नहीं है। आपके एक बड़े नेता एक अन्य पार्टी के सांसद के असंदीय व्यवहार का वीडियो बना रहे थे। उनको सद्बुद्धि आए। गिरावट की कुछ तो सीमा होती होगी। धनखड़ ने कहा कि यह शर्मनाक, हास्यास्पद और अस्वीकार्य है कि एक सांसद मजाक उड़ा रहा है दूसरा सांसद उस घटना की वीडियोग्राफी कर रहा है। 

राहुल गांधी बना रहे थे वीडियो
दरअसल, शीतकालीन सत्र में अब तक विपक्ष के 141 सांसद निलंबित हो चुके हैं। अब इन्हें आगे सत्र में हिस्सा लेने का मौका नहीं मिलेगा। इसके खिलाफ कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। मकर द्वारा प्रदर्शन कर रहे सांसदों में तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी भी थे। उन्होंने सभापति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री की। उनके हाव-भाव का प्रदर्शन किया। जब वे मिमिक्री कर रहे थे तो राहुल गांधी उनके सामने खड़े होकर उनका वीडियो बना रहे थे। 

भाजपा ने विपक्ष पर साधा निशाना
भाजपा ने राहुल गांधी के इस कृत्य की निंदा की। एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि अगर देश सोच रहा है कि विपक्षी सांसदों को क्यों निलंबित किया गया, तो इसका कारण यह है। टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने माननीय उपराष्ट्रपति का मजाक उड़ाया, जबकि राहुल गांधी ने वासना से उनकी जय-जयकार की। कोई कल्पना कर सकता है कि वे सदन के प्रति कितने लापरवाह और उल्लंघनकारी रहे हैं। 

अर्जुन राम मेघवाल और रिजिजू ने भी किया वार
कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कल्याण बनर्जी को निलंबित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सदन और अध्यक्ष के अधिकार की अवहेलना करने वाले सदस्य (सांसद) को निलंबित किया जाना चाहिए।

केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरण रिजिजू ने भी इस घटना को लेकर कल्याण बनर्जी और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर लिखा कि सांसद हमारे देश के माननीय उपराष्ट्रपति का मजाक उड़ा रहे हैं, जबकि राहुल गांधी जयकार कर रहे हैं और इस घृणित कृत्य का फिल्मांकन कर रहे हैं। इंडिया ब्लॉक के सांसद कभी भी संसदीय कामकाज की परवाह नहीं करते हैं और न ही लोगों के मुद्दों के बारे में चिंतित हैं।

रिजिजू ने आगे लिखा कि संसद शुरू होते ही वे आसन की ओर बढ़ेंगे, तख्तियां लेकर नारे लगाएंगे, असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल करेंगे! वे बहस में नहीं बल्कि केवल व्यवधान में विश्वास करते हैं।

कांग्रेस बोली- सवाल पूछना मना है
वहीं, कांग्रेस ने भी एक्स पर एक तस्वीर पोस्ट करके बीजेपी और केंद्र सरकार पर कटाक्ष किया। कैप्शन में लिखा कि सवाल पूछना मना है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी केंद्र की आलोचना करते हुए एक्स पर लिखा कि नई संसद अपने सभी अत्याचारों में नमोक्रेसी को दर्शाती है।

5379487