Logo
Weather Update: भारी बारिश से देश के कई राज्यों में जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुजरात में 36 घंटों में 565 मिमी बारिश हुई है। 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जानें देश के मौसम का हाल।

Weather Update: भारी बारिश से देश के कई राज्यों में जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुजरात में भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई है। महाराष्ट्र के मुंबई और गुजरात के पोरबंदर में बारिश में मकान ढहने की खबरें सामने आई हैं। महाराष्ट्र के मुंबई और नागपुर में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। यूपी के वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ गया है।  भारतीय मौसम विभाग(IMD) ने देश के राज्यों के लिए रेन अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं देश भर में क्या है बारिश की स्थिति, क्या है मौसम का हाल।  

गुजरात के पोरबंदर में बाढ़
गुजरात के पोरबंदर में गुरुवार-शुक्रवार को 36 घंटों में 565 मिमी बारिश (Gujarat Rain) हुई। इससे कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। मौसम विभाग ने आज भी यहां भारी बारिश की चेतावनी दी है। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के बहराइच में घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने से खेतों में काम कर रहे लगभग 100 लोग फंस गए थे, जिन्हें 3 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन (Rescue Operation) के बाद सुरक्षित निकाला गया।

वारणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ा
वाराणसी के घाटों पर गंगा के जलस्तर बढ़ने से एनडीआरएफ (NDRF Deployment) तैनात की गई है। महाराष्ट्र के थाणे और मुंबई सहित कई जिलों में देर रात और सुबह भारी बारिश हुई। नागपुर में आज स्कूल और कॉलेज बंद (School Closures) कर दिए गए हैं। यहां मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज 11 राज्यों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट (Heavy Rain Alert) जारी किया गया है।

एमपी में मजबूत बारिश का सिस्टम एक्टिव
मध्य प्रदेश में एक मजबूत बारिश का सिस्टम एक्टिव है। यही वजह है कि पूरे राज्य में बारिश हो रही है। शनिवार से यह सिस्टम और ज्यादा एक्टिव हो गया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर सहित 21 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। सिहोर, नरसिंहपुर, बैतूल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में कमजोर पड़ा मानसून
बिहार में मानसून कमजोर पड़ गया है। पिछले 5 दिनों से कई जिलों में अच्छी बारिश नहीं हुई है। दक्षिण बिहार में गर्मी से लोग परेशान हैं, जबकि उत्तर बिहार में कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है।

यूपी के 14 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 10 दिनों के इंतजार के बाद अब बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को 14 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को यूपी के 14 जिलों में बारिश हुई। बीते 24 घंटों में गोरखपुर में सबसे ज्यादा 82 मिमी बारिश हुई।

छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर बारिश की संभावना
छत्तीसगढ़ के 9 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट और 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर, दुर्ग, बलोद, धमतरी, गरियाबंद, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर, मोहला-मानपुर, राजनांदगांव और खैरागढ़-छुईखदान में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान के 7 जिलों में येलाे अलर्ट जारी
राजस्थान के 31 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। इनमें से सात जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 21-22 जुलाई को राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। अजमेर, भरतपुर डिवीजन के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल में एक दिन बाद एक्टिव होगा मानसून
हिमाचल प्रदेश में मानसून रविवार से एक्टिव हो सकता है। मौसम विभाग ने 22 और 23 जुलाई को भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 जुलाई को पांच जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

पंजाब में बारिश नहीं होने से तापमान बढ़ा
पंजाब में मानसून के बावजूद बारिश की कमी के कारण तापमान बढ़ता जा रहा है। बठिंडा में तापमान फिर से 40 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं, पिछले 24 घंटों में पंजाब का तापमान 0.6 डिग्री बढ़ गया है। पंजाब में बीते कुछ दिनों से औसत तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा है।

jindal steel jindal logo
5379487