Logo
किसी भी घर में दिशा का विशेष महत्व है, सही दिशा में रखा गया सामान इंसान की तरक्की के रास्ते खोल सकता है।

(कीर्ति राजपूत)

East Direction For House : वास्तु शास्त्र का हिन्दू धर्म में विशेष महत्व है, वास्तव में वास्तु शास्त्र दिशाओं का शास्त्र है। वास्तु शास्त्र में हर दिशा का एक अलग महत्व और ऊर्जा बताई गई है। अगर वास्तु शास्त्र में बताई गई दिशा की विशिष्ट ऊर्जा को ध्यान में रखते हुए घर का निर्माण किया जाए, तो व्यक्ति को बेहद लाभ होता है। कई बार तो महज़ चीज़ों की दिशा चेंज करने से ही जीवन में परिवर्तन देखने को मिलते हैं। वैसे तो वास्तु शास्त्र में हर दिशा का अलग महत्व बताया गया है, लेकिन पूर्व दिशा पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाना चाहिए। पूर्व दिशा सूर्य की दिशा कहलाती है। इसलिए पूर्व दिशा के देवता सूर्य माने गए हैं। यह आपको ज्ञान, बल, बुद्धि और जीवन में सफलता प्रदान करते हैं। तो चलिए आज हम भोपाल निवासी ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा से कुछ ऐसी चीज़ों के बारे में जानते हैं, जिनको पूर्व दिशा में रखने से आपका भाग्य खुल सकता है।

सुगंधित पौधे
वास्तु शास्त्र के अनुसार अपने घर की पूर्व दिशा में सुगंधित पौधे जैसे तुलसी आदि को रखना शुभ होता है। यह सुगंधित पौधे न सिर्फ आपके घर को महकाते हैं, बल्कि इनसे घर के अंदर सकारात्मक ऊर्जा भी आती है। विशेष रूप से यदि आप अपने घर की पूर्व दिशा में पौधों का जोड़ा रखते हैं, तो इससे आपको अतिरिक्त लाभ भी प्राप्त हो सकता है।

स्टडी टेबल रखें पूर्व दिशा में 
यदि आपके घर में पढ़ने लिखने वाले बच्चे हैं तो बच्चों का स्टडी टेबल अपने घर की पूर्व दिशा में रखने से फायदा मिलेगा। कोशिश करनी चाहिए कि इस स्टडी टेबल को कुछ इस तरह से रखें कि पढ़ाई करते वक़्त बच्चों का मुख पूर्व दिशा की ओर हो, ऐसा करने से ही बच्चों में ज्ञानवृद्धि होती है।

ये तस्वीर लगाएं 
वास्तु शास्त्र में पूर्व दिशा सूर्य की दिशा बतायी गई है। ऐसे में आप अपने घर की पूर्व दिशा की दीवार पर उगते हुए सूरज की तस्वीर लगा सकते हैं। ऐसा करने से घर में स्थाई पॉज़िटिव एनर्जी बनी रहती है।

पूर्व दिशा में बनवाएं द्वार या खिड़की 
कई बार घर बनवाते समय ये मुमकिन नहीं होता कि घर का मुख पूर्व दिशा की ओर करें। अगर आपके घर का मुख पूर्व दिशा की ओर नहीं हो, तब भी कोशिश करें कि आप अपने घर की पूर्व दिशा में कोई खिड़की या दरवाज़ा बनवाएं। ऐसा करने से ही घर में पॉज़िटिव एनर्जी का संचार होता है। कोशिश करें कि घर के सदस्य सुबह उस खिड़की या दरवाज़े से रोशनी व ठंडी हवा का लाभ भी ले सकें।

5379487