Logo
India's Women's T20 World cup 2024 semifinal chances: भारत को महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 के अपने ओपनिंग मैच में न्यूजीलैंड ने 58 रन से हराया। इस हार के बाद भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा है। अब हरमनप्रीत एंड कंपनी को आगे क्या करना होगा, यहां जानिए।

India's Women's T20 World cup 2024 semifinal chances: भारत को आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 के अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड के हाथों 58 रन से हार का सामना करना पड़ा। 161 रन का पीछा करते हुए हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम 102 रन पर ढेर हो गई। इस एक हार ने भारत की सेमीफाइनल की उम्मीदों को करारा झटका दिया है। 

महिला टी20 विश्व कप में भारत ग्रुप-ए में है। इस ग्रुप में डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका भी हैं। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड ने अपने पहले मैच जीत लिए हैं और इन दोनों टीमों के एक बराबर 2 अंक हैं। हालांकि, न्यूजीलैंड का नेट रन रेट (2.900) पाकिस्तान (1.550) से बेहतर है, इसलिए कीवी टीम पहले स्थान पर है। भारत अंक तालिका में श्रीलंका से भी नीचे है। न्यूजीलैंड के हाथों मिली हार के बाद भारत का नेट रन रेट -2.900 है। यही टीम इंडिया के लिए टेंशन की बात है। 

भारत को अब अगला मुकाबला पाकिस्तान से खेलना है, जिसके खिलाफ टी20 विश्व कप में भारत ने सिर्फ दो मैच ही गंवाए हैं। पिछली बार भारत 2016 में पाकिस्तान से हारा था और कुल 15 टी20 में भारत के खिलाफ पाकिस्तान ने तीन में ही जीत हासिल की है। वहीं, श्रीलंका के खिलाफ भी भारत का रिकॉर्ड अच्छा है। ये अलग बात है कि इस साल जुलाई में भारत को हराकर श्रीलंका ने वुमेंस एशिया कप का खिताब जीता था। भारत श्रीलंका से भी टी20 विश्व कप में एक बार ही हारा है।     

अगर भारत पाकिस्तान और श्रीलंका को लीग स्टेज में बड़े अंतर से हरा देता है तो फिर सेमीफाइनल में पहुंचने और उसके बीच सिर्फ डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया होगा। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को टी20 विश्व कप के 6 मैच में 2 बार हराया है और ओवरऑल 33 टी20 में 7 मैच जीते हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया से पार पाना भारत के लिए आसान नहीं होगा। भारत ने पिछली बार 2020 के टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। 

5379487