Logo
Lowest Test Total defended: न्यूजीलैंड को बेंगलुरु टेस्ट जीतने के लिए 107 रन का टारगेट मिला है। इससे पहले भी टीम इंडिया टेस्ट में इतने छोटे स्कोर का बचाव कर मैच जीत चुकी है। आइए आपको बताते हैं कब ऐसा हुआ था।

Lowest Test Total defended: भारत और न्यूजीलैंड के बीच बेंगलुरु टेस्ट का रविवार को पांचवां और आखिरी दिन है। 107 रन के टारगेट का पीछा करते हुए दूसरी ही गेंद पर न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम आउट हो गए। इससे ये उम्मीद जगी है कि क्या टीम इंडिया 20 साल पुराना इतिहास दोहरा पाएगी। अब फैंस के जहन में ये सवाल होगा कि 20 साल पहले भारतीय टीम ने क्या किया था। तो आइए आपको बताते हैं। 

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2004 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 107 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए जीत हासिल की थी। तब स्पिन गेंदबाजों की मददगार विकेट पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को महज 93 रन पर समेट दिया था और 13 रन से टेस्ट जीत लिया था। भारत ने टेस्ट इतिहास में तीसरे सबसे छोटे टोटल का बचाव किया था। अब भारत के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु में भी इसी करिश्मे को दोहराने का मौका है। 

घर में अपने सबसे छोटे 46 रन के स्कोर पर आउट होने के बाद टीम इंडिया पहली पारी में 356 रन से पिछड़ी थी। लेकिन, दूसरी पारी में ऋषभ पंत (99) और सरफराज खान (150) की रिकॉर्ड साझेदारी के दम पर भारत ने न सिर्फ इस लीड को खत्म किया और न्यूजीलैंड को 107 रन का टारगेट दिया। अब ये देखना होगा कि आखिरी दिन भारतीय गेंदबाज इस लक्ष्य का बचाव कर पाते हैं या नहीं। 

टेस्ट में सबसे छोटे टोटल का बचाव करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है। ऑस्ट्रेलिया ने 1882 में इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में 85 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव किया था। ये टेस्ट इतिहास का 9वां मुकाबला था। 

5379487