Logo
Rishabh pant Injury: न्यूजीलैंड के खिलाफ बैंगलुरू टेस्ट के दूसरे दिन भारत को एक और बुरी खबर मिली। ऋषभ पंत विकेटकीपिंग के दौरान चोटिल हो गए और उन्हें साथी अपने कंधों के सहारे मैदान से बाहर ले गए।

Rishabh pant Injury: भारत के लिए बैंगलुरू टेस्ट का दूसरा दिन अच्छा नहीं बीता। पहले तो टीम इंडिया घर में अपने सबसे कम स्कोर पर ढेर हुई और फिर फील्डिंग के दौरान ऋषभ पंत घायल हो गए। उन्हें अचानक मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। वो भी साथियों के कंधे के सहारे। ये घटना न्यूजीलैंड की पारी के 37वें ओवर में घटी। पंत की चोट टीम इंडिया के लिए चिंता बढ़ाने वाली दिख रही। 

रवींद्र जडेजा गेंदबाजी कर रहे थे और स्ट्राइक पर न्यूजीलैंड के डेवोन कॉनवे थे। जडेजा के ओवर की आखिरी गेंद तेजी से घूमी और कॉनवे ने इस पर ड्राइव लगाने की कोशिश की लेकिन वे ऐसा करने से चूक गए। गेंद ऑफ स्टंप के करीब से निकली और विकेटकीपर ऋषभ पंत भी इसे ठीक तरीके से पकड़ नहीं पाए और गेंद घुटने पर जा लगी। घुटने पर गेंद लगते ही पंत जमीन पर ​गिर गए और दर्द से कराहने लगे। 

फौरन मैच को रोक दिया गया और पंत को दर्द में तड़पते देख भारतीय फीजियो मैदान में आए। फीजियो ने काफी कोशिश की लेकिन वो पंत के दर्द को कम नहीं कर सके। पंत ठीक से अपने पैरों पर खड़े नहीं हो पा रहे थे। इसके बाद ध्रुव जुरेल को फौरन मैदान पर आने को कहा गया। जुरेल जल्दी से तैयार होकर मैदान में आए। इसके बाद पंत को टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ कंधे के सहारे मैदान से बाहर लेकर चले गए। परेशानी की बात है कि चोट पंत के दाहिने घुटने पर लगी, जिसमें हादसे के दौरान चोट लगी थी। 

पंत ने बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ही रेड बॉल क्रिकेट में वापसी की और दोनों ही टेस्ट में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था और कमबैक सीरीज में शतक भी लगाया था। पंत बैंगलुरू टेस्ट की पहली पारी में भारत के टॉप स्कोरर भी थे। उन्होंने 20 रन बनाए थे। भारत बैंगलुरू टेस्ट में महज 46 रन पर ऑल आउट हो गया था। 5 बैटर खाता तक नहीं खोल पाए थे। 

5379487