Logo
ECI T10 Austria vs Romania: 2 ओवर में 61 रन बनाकर कोई टीम मैच जीत सकती है। ऐसा शायद ही सुना होगा। लेकिन, रोमानिया और ऑस्ट्रिया के बीच हुए एक मैच में ऐसा ही कुछ हुआ। नो-बॉल, वाइड के बीच ऑस्ट्रिया के बल्लेबाजों ने चौके-छक्कों की बरसात कर 2 ओवर में 61 रन कूटते हुए जीत हासिल की।

नई दिल्ली। क्रिकेट में आखिरी गेंद तक कुछ भी असंभव नहीं होता है। एक गेंद से ही मैच में जीत-हार का अंतर बदल जाता है। ऐसा ही कछ ऑस्ट्रिया और रोमानिया के बीच हुए एक मैच में हुआ। इस मुकाबले में ऑस्ट्रिया को 2 ओवर यानी 12 गेंद में जीत के लिए 61 रन की दरकार थी और इस टीम ने 1 गेंद रहते ही इस असंभव से दिख रहे लक्ष्य को संभव बना दिया और जीत हासिल की। इस दौरान एक ओवर यानी 6 गेंद में कुल 41 रन बने। 

ECI T10 Romania 2024 के एक मुकाबले में ऑस्ट्रिया और रोमानिया के बीच टक्कर थी। 10 ओवर में 168 रन के टारगेट का पीछा कर रही ऑस्ट्रिया का एक समय स्कोर 8 ओवर में 3 विकेट पर 107 रन था। ऐसे में शायद ही किसी ने ये सोचा होगा कि यहां से ऑस्ट्रिया मैच जीत सकती है। लेकिन, ऑस्ट्रिया ने इसी नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया और इसमें उनके कप्तान आकिब इकबाल का बड़ा हाथ रहा। उन्होंने मनमीत कोली के 9वें ओवर में धुंआधार बल्लेबाजी की और इस ओवर में कुल 41 रन बटोरे। 

2 ओवर में 61 रन बने
इकबाल को 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर स्ट्राइक मिली। इसके बाद उन्होंने चौके-छक्कों की बरसात कर दी। इस ओवर में कोली ने एक-दो नहीं, बल्कि पांच वाइड बॉल फेंकी। इसके अलावा दो नो बॉल भी फेंकी। इकबाल ने कोली के ओवर में 4 छक्के और 2 बाउंड्री उड़ाई। एक सिंगल रन लिया। वहीं, एक चौका वाइड बॉल पर आया। इस तरह ऑस्ट्रिया ने कुल 41 रन हासिल किए। 

चौके-छक्कों की बरसात कर ऑस्ट्रिया जीता
इसके बाद आखिरी ओवर चमालका फर्नांडो फेंकने आए। लेकिन, ऑस्ट्रिया के बैटर इमरान आसिफ और आकिब इकबाल ने उन्हें भी नहीं बख्शा। ऑस्ट्रिया को आखिरी 6 गेंद में जीत के लिए 20 रन चाहिए थे। पहली ही गेंद पर इमरान आसिफ ने लंबा छक्का मारा। इसके बाद दूसरी गेंद पर 1 रन लेकर कप्तान को स्ट्राइक दी। इसके बाद कप्तान ने मैच खत्म कर दिया। 

कप्तान इकबाल ने मैच जीतने वाली पारी में 19 गेंद पर नाबाद 72 रन ठोके। इस पारी के दौरान उन्होंने 10 छक्के मारे। इमरान आसिफ ने 12 गेंद में नाबाद 22 रन की पारी खेली। इन दोनों के बीच 27 गेंद में नाबाद 97 रन की साझेदारी हुई। 

5379487