Logo
Sunil Gavaskar on Dhurv Jurel: ध्रुव जुरेल रांची टेस्ट में 10 रन से शतक चूक गए। लेकिन, उन्होंने सबका दिल जीत लिया। पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने तो उनकी तुलना महेंद्र सिंह धोनी से कर दी।

Dhruv Jurel Next MS Dhoni: भारत और इंग्लैंड के 5 मैच की सीरीज का चौथा मुकाबला रांची में खेला जा रहा है। इस टेस्ट के तीसरे दिन रविवार को भारतीय टीम इंग्लैंड के 353 रन के जवाब में 307 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह इंग्लैंड को 46 रन की लीड मिली। अगर ध्रुव जुरेल आखिर तक डटे नहीं रहते तो शायद इंग्लैंड की बढ़त और ज्यादा होती। जुरेल भले ही 10 रन से शतक से चूक गए। लेकिन, उन्होंने अपने दूसरे ही टेस्ट में जैसी सूझबूझ भरी पारी खेली, उसने दिग्गजों को भी इस युवा खिलाड़ी की फैन बना लिया। इसमें पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर भी शामिल हैं। गावस्कर ने तो कॉमेंट्री के दौरान जुरेल की तुलना पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से की। 

पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने रांची टेस्ट में कॉमेंट्री के दौरान ध्रुव जुरेल की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी दिमागी क्षमता को देखकर मुझे लगता है कि वह अगले महेंद्र सिंह धोनी हैं।  

जुरेल अगले धोनी हैं: गावस्कर
गावस्कर ने कहा, "बेशक उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की है, लेकिन उनकी कीपिंग, स्टंप के पीछे उनका काम भी उतना ही शानदार रहा है। उनकी खेल जागरूकता को देखकर, मैं कहना चाहता हूं कि वह एक और उभरते हुए एमएस धोनी हैं। मुझे पता है कि दूसरा धोनी नहीं हो सकता है। लेकिन, जुरेल ने जिस तरह की सोच दिखाई है, धोनी भी शुरुआत में कुछ ऐसे ही थे। जुरेल के पास भी धोनी की तरह ही गेम अवेयरनेस है। वो स्ट्रीट स्मार्ट क्रिकेटर हैं।"

'आगे बहुत शतक लगाएंगे जुरेल'
उन्होंने आगे कहा, "भले ही ध्रुव जुरेल आज शतक से चूक गए हैं। लेकिन आप यकीन मानिए ये लड़का आगे जाकर अपने हाजिर दिमाग होने की वजह से काफी शतक जमाएगा।" जुरेल ने अपनी 90 रन की पारी के दौरान पहले कुलदीप यादव के साथ 8वें विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की थी और फिर डेब्यूटेंट आकाश दीप के साथ 9वें विकेट के लिए 40 रन और जोड़े थे। 

5379487