Logo
Rohit Sharma IPL 2024 : मुंबई इंडियंस के लिए सालों-साल आईपीएल खेले हरभजन सिंह ने मुंबई इंडियंस में हुए कप्तानी विवाद पर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा का इस सीजन में बल्ला जमकर बोल सकता है।

नई दिल्ली। आईपीएल 2024 से पहले हुए कप्तानी विवाद को भूलकर मुंबई इंडियंस इस सीजन में दमदार प्रदर्शन करना चाहेगी। इस बार पांच बार टीम को चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा के स्थान पर हार्दिक पंड्या कप्तानी करेंगे। मुंबई का पहला मुकाबला गुजरात टाइटंस से अहमदाबाद में होगा। इस मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस में माहौल कैसा है, इसे लेकर काफी चर्चा हो रही। पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर और मुंबई इंडियंस की तरफ से सालों आईपीएल खेल चुके हरभजन सिंह ने इस बार बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि कप्तानी जाने का असर रोहित की बल्लेबाजी पर नहीं पड़ेगा और हो सकता है कि ये आईपीएल उनके करियर का सबसे बेस्ट साबित हो। 

हरभजन सिंह ने कहा कि मुंबई इंडियंस के टीम मैनेजमेंट और नए कप्तान हार्दिक पंड्या की सबसे बड़ी चुनौती टीम को एकजुट रखना होगा। हरभजन ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा, "हमें उम्मीद है कि मुंबई इंडियंस एक यूनिट के रूप में खेलेगी। क्योंकि अगर वे ऐसा करते हैं, तो उन्हें रोकना मुश्किल होगा। हार्दिक और प्रबंधन के लिए, बड़ी चुनौती टीम को एकजुट करना है।"

रोहित को कप्तानी से हटाना जल्दबाजी वाला फैसला: हरभजन
हरभजन ने आगे कहा, "जितना मैं रोहित शर्मा को जानता हूं, वह एक बहुत ही सरल व्यक्ति हैं। वह कभी भी कप्तानी जाने के बारे में सार्वजनिक रूप से बात नहीं करेंगे। लेकिन एक बात निश्चित है, पांच बार का चैंपियन, और वह व्यक्ति जिसने लगभग विश्व कप जीता है...उन्हें हटाना चौंकाने वाला। इस फैसले में एक साल की देरी हो सकती थी। हां, हार्दिक पंड्या भी क्षमतावान हैं। लेकिन, टीम तभी जीतती है, जब एकजुट रहती है। यही मुंबई की सबसे बड़ी चुनौती होगी। 

यह भी पढ़ें: IPL 2024 Schedule : फिर शुरू होगा क्रिकेट का महासंग्राम, 17 दिन में 10 टीमें देंगी एक-दूसरे को पटखनी; जानें 21 मैचों का शेड्यूल

'रोहित के लिए ये सीजन सबसे अच्छा हो सकता है'
इस ऑफ स्पिनर ने आगे कहा, "इस पूरी घटना पर रोहित शर्मा की ओर से कोई बयान नहीं आया। वह शांत व्यक्ति हैं, वह इससे आगे बढ़ जाएंगे। मुझे लगता है कि वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और हार्दिक और टीम का समर्थन करेंगे। अंदर से, ऐसा हो सकता है कुछ पीड़ा हो। हो सकता है, यह रोहित शर्मा का आईपीएल में सबसे अच्छा सीजन हो। क्योंकि कभी-कभी, आपको यह दिखाना होता है कि आप अभी भी काफी सक्षम हैं। जो चिंगारी की जरूरत थी, वो लग चुकी है। अब आग में कैसे कन्वर्ट करेंगे, वो देखना है।"

हार्दिक पंड्या की कप्तानी में ही 2022 में गुजरात टाइटंस ने डेब्यू सीजन में आईपीएल का खिताब जीता था और इसके बाद 2023 में भी टीम फाइनल में पहुंचीं थी। लेकिन, चेन्नई सुपर किंग्स ने उसे हरा दिया था। 

5379487