Logo
Under 19 World Cup 2024 Final: अंडर 19 विश्व कप 2024 का फाइनल मुकाबला रविवार को भारत अडर 19 टीम और ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 के बीच बेनोनी के विलोमूर पार्क में खेला जा रहा है।

Under 19 World Cup 2024 Final: अंडर 19 विश्व कप 2024 का फाइनल मुकाबला रविवार को भारत अडर 19 टीम और ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 के बीच बेनोनी के विलोमूर पार्क में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। कप्तान ह्यू वेइब्गेन के रूप में कंगारू टीम को दूसरा झटका लगा। इसके बाद बाएं हाथ के बल्लेबाज हरजस सिंह (55) बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे। हरजस के बाएं हाथ के बल्लेबाज बनने के पीछे दिलचस्प कहानी है। बचपन में वह राइट हैंड बैटर थे। तो आखिरी ऐसा क्या हुआ कि उन्हें राइटी से लेफ्टी बनना पड़ा, आइए जानते हैं। 

मोहल्ले में खेलते थे क्रिकेट
दरअसल, हरजस 12 साल की उम्र तक राइट हैंड बैटर थे। वह अपने मोहल्ले में क्रिकेट खेलते थे। इससे उनके मोहल्ले में मौजूद घरों के शीशे टूट जाते थे। लोगों ने लगातार उनकी शिकायत की। ऐसे में हरजस ने लेफ्टी बैटिंग शुरू कर दी। इस साइड कोई शीशे नहीं लगे थे, इससे उनके खेल से किसी को कोई समस्या नहीं होती थी। बता दें कि हरजस भारतीय मूल के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी है। वह सिडनी में रहते हैं और उन्होंने क्रिकेटिंग करियर की शुरुआत रेवेस्बी वर्कर्स क्रिकेट क्लब से की थी। क्लब क्रिकेट में उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया, जिसके कारण उन्हें ऑस्ट्रेलिया के अंडर-19 टीम में मौका मिला। 

पिता भी रहे हैं खिलाड़ी
हरजस इस साल इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई अंडर-19 सीरीज का भी हिस्सा थे। उनके पिता इंद्रजीत सिंह पंजाब राज्य मुक्केबाजी चैंपियन थे। उनकी मां अविंदर कौर राज्य स्तरीय लंबी कूद खिलाड़ी थीं। हरजस के पिता ऑस्ट्रेलिया में ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े हैं। भारत मूल के हरजस का जन्म और पालन पोषण ऑस्ट्रेलिया में हुआ है। बाएं हाथ के बल्लेबाज हरजस सिंह को भी अपने भारतीय कनेक्शन पर गर्व है। हरजस के अलावा भारतीय मूल के हरकीरत बाजवा भी ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम का हिस्सा हैं। 

टूर्नामेंट में हरजस का प्रदर्शन
टूर्नामेंट में हरजस के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने नामीबिया के खिलाफ पहले मैच में 4 रन बनाए थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे मैच में उनके बल्ले से 6 रन बने थे। श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 17 रन बनाने के साथ ही 1 विकेट भी लिया था। इसके बाद इंग्लैंड के विरुद्ध उन्होंने 1 और वेस्टइंडीज के खिलाफ 16 रन बनाए थे। सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 5 रन बनाए थे। फाइनल में उन्होंने 64 गेंदों पर 55 रन बनाए। सौम्य पांडे ने उनका विकेट चटकाया। 

5379487