Logo
IPL 2024 Auction: आईपीएल 2024 के ऑक्शन में 20 साल के अनकैप्ड भारतीय एक झटके में करोड़पति हो गया। सीएसके ने खिलाड़ी को 8.40 करोड़ में खरीदा।

नई दिल्ली। आईपीएल 2024 के ऑक्शन में उत्तर प्रदेश की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले समीर रिजवी की लॉटरी लग गई। 20 साल के इस अनकैप्ड भारतीय पर पहली ही नीलामी में छप्परफाड़ पैसा बरसा। समीर को महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने 8.40 करोड़ में खरीदा। समीर की बेस प्राइस 20 लाख रुपये ही थी। यानी उन्हें नीलामी में बेस प्राइस से 42 गुना कीमत मिली। 

समीर रिजवी पर बोली लगाने की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स ने की। इसके बाद बीडिंग में गुजरात टाइटंस भी कूद गई। दोनों के बीच इस ऑलराउंडर को खरीदने की होड़ सी मच गई। जल्द ही बोली 1 करोड़ के पार पहुंच गई। देखते ही देखते ये रकम 6 करोड़ को पार कर गई।

ना तो चेन्नई सुपर किंग्स और ना ही गुजरात टाइटंस पीछे हटने के मूड में दिख रही थी। जैसे ही बोली 7.60 करोड़ पर पहुंचीं दिल्ली कैपिटल्स भी समीर को खरीदने की रेस में कूद गई। लेकिन, आखिरी में चेन्नई सुपर किंग्स ने बाजी मारी। 

कौन हैं समीर रिजवी?
समीर रिजवी ने 3 साल पहले उत्तर प्रदेश के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने अबतक 2 ही फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। उन्होंने हाल के महीनों में घरेलू क्रिकेट में टी20 फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन किया है।

समीर ने यूपी टी20 लीग में कानपुर सुपरस्टार्स की तरफ से खेलते हुए सबसे अधिक 20 छक्के मारे थे। उन्होंने टूर्नामेंट की 9 पारी में 455 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 2 शतक भी ठोके थे। इसी प्रदर्शन के बाद समीर को पंजाब किंग्स समेत 3 फ्रेंचाइजी की तरफ से ट्रायल्स के लिए बुलावा आया था। हालांकि, उत्तर प्रदेश की अंडर-23 टीम की तरफ से खेलने के कारण रिजवी ट्रायल में हिस्सा नहीं ले पाए थे। 

समीर ने राजस्थान के खिलाफ अंडर-23 के वनडे मैच में 65 गेंद में 91 रन की पारी खेल अपनी क्षमता दिखाई थी। इसके बाद उन्होंने अंडर-23 टूर्नमेंट के फाइनल में भी 50 गेंद में 84 रन की मैच विनिंग पारी खेली थी। वो टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बैटर भी थे। 

5379487