Logo
IND vs PAK T20 World Cup 2024: पाकिस्तानी फैंस के साथ ही पूर्व क्रिकेटर भी भारत से मिली हार को पचा नहीं पा रहे और विवादित टिप्पणी करने से भी गुरेज नहीं कर रहे। ऐसे ही एक मामले में हरभजन सिंह ने कामरान अकमल को पाठ पढ़ाया।

नई दिल्ली। भारत ने बीते रविवार को पाकिस्तान को टी20 विश्व कप 2024 में हराया। इसके बाद से ही पाकिस्तानी फैंस का हाल बेहाल है। सिर्फ फैंस ही नहीं, पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर भी इस हार को पचा नहीं पा रहे और विवादित बातें कह रहे। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने टीम की हार के बाद पाकिस्तान के टीवी चैनल के लाइव शो में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर नस्लीय टिप्पणी की। अकमल ने सिर्फ अर्शदीप का ही मजाक नहीं उड़ाया, बल्कि सिख धर्म पर भी आपत्तिजनक कमेंट किया। हरभजन सिंह ने इसके बाद अकमल की बोलती बंद कर दी। इसके बाद पाकिस्तानी क्रिकेटर को माफी तक मांगनी पड़ी। 

कामरान अकमल ने अर्शदीप सिंह पर विवादित टिप्पणी भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान ARY News पर की थी। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में आखिरी ओवर अर्शदीप सिंह ने फेंका था। पाकिस्तान को 18 रन चाहिए थे लेकिन अर्शदीप ने इस ओवर में 11 रन दिए और भारत ये मुकाबला आसानी से जीत गया था। 

कामरान अकमल ने सिखों पर की थी विवादित टिप्पणी
इसी मैच के दौरान अकमल ARY News पर कहते दिखे रहे हैं, "देखें लास्ट ओवर करना है अर्शदीप सिंह को। वैसा उसका रिदम दिख नहीं रहा है। लेकिन कुछ भी हो सकता है… 12 बज गए हैं। ऐसा कहने के बाद अकमल हंसने लगते हैं। इस बीच  शो का होस्ट कहता है कि आखिरी ओवर में 16-17 रन काफी हो सकते हैं। इस पर अकमल हंसते हुए कहते हैं कि किसी सरदार को नहीं देना चाहिए 12 बजे के बाद ओवर....। बता दें कि कामरान अकमल बाबर आजम के चचेरे भाई हैं। 

हरभजन ने अकमल को सुनाई खरी खोटी
हरभजन सिंह ने अकमल की इस बयान की जमकर आलोचना की और एक्स पर पोस्ट कर पाकिस्तानी क्रिकेटर को लू उतार दी। इसके बाद अकमल ने माफी भी मांगी। 

हरभजन ने एक्स पर लिखा, "लाख दी लानत तेरे कमरान अकमल.. आपको अपनी गंदी जुबान खोलने से पहले सिखों का इतिहास जान लेना चाहिए। हम सिखों ने आपकी माताओं और बहनों को तब बचाया था जब उन्हें आक्रमणकारियों ने अगवा कर लिया था। तब भी समय 12 बजे का था। थोड़ा शर्म करो।"

कामरान ने हरभजन और सिखों से माफी मांगी
हरभजन के इस पोस्ट के बाद अकमल ने माफी मांगी। 

उन्होंने एक्स पर लिखा, "मुझे अपने हाल के बयान पर खेद है। मैं हरभजन सिंह और सिख समुदाय से माफी मांगता हूं। मेरे कहे शब्द अपमानजनक थे। मैं सिखों का सम्मान करता हूं।मेरा कभी किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। मैं माफी चाहता हूं।"

5379487