Logo
MS Dhoni Hugged Fan: आईपीएल 2024 के 59वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 35 रन से हराया। इस मैच के दौरान एक फैन सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान में घुस आया और महेंद्र सिंह धोनी के पास पहुंच गया। माही के पास पहुंचकर फैन ने उनके पैर छुए। इस वजह से मैच भी रुक गया था।

MS Dhoni Hugged Fan: आईपीएल 2024 का 59वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। इसे गुजरात ने 35 रन से जीता। इस मैच में एक समय ऐसा भी आया था, जब शिवम दुबे को आउट करार देने से पहले फील्ड अंपायर ने फुलटॉस जांचने का फैसला लिया। उस समय स्टेडियम में बहुत ज्यादा शोर था। ये शोर विकेट को लेकर नहीं था, बल्कि फैंस को धोनी को बल्लेबाजी करते देखने की बेकरारी थी। जैसे ही थर्ड अंपायर ने शिवम को आउट करार दिया। वैसे ही शोर और बढ़ गया और धोनी बल्लेबाजी के लिए उतरे तो ये सातवें आसमान पर था। 

इसके बाद मैच के हालात, प्लेऑफ की रेस, जीत-हार के समीकरण सब अलग थे। बस फैंस की एक ही मुराद थी कि धोनी पैसा वसूल खेल दिखाएं और धोनी ने भी ऐसा ही किया, उन्होंने 11 गेंद में नाबाद 26 रन ठोके। इसमें तीन छक्के शामिल हैं। ये छक्के भी मामूली नहीं थी। धोनी ने पहला छक्का एक हाथ से मारा था। इसके बाद उन्होंने राशिद खान के ओवर की पहली दो गेंद को स्टैंड्स में पहुंचाया। वो भी हेलिकॉप्टर शॉट के जरिए।

फैन ने छुए धोनी के पैर
इसके बाद राशिद खान के 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर धोनी के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील हुई। सब बड़े स्क्रीन पर अंपायर के फैसले का इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान एक फैन सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान में घुस आया। जैसे ही धोनी ने फैन को अपने पास आते देखा वो भागने लगे। लेकिन,थोड़ी देर बाद वो रुक गए। उसके बाद फैन ने धोनी के पैर छुए। इसके बाद धोनी ने उसे गले लगाया। 

धोनी ने फैन को लगाया गले
इसके बाद उसके गले में हाथ डालकर धोनी ने कुछ कहा। इतनी देर में सिक्योरिटी टीम मैदान में आ गई और उस फैन को पकड़कर ले जाने लगी। इसी दौरान धोनी ने पुलिसकर्मियों से फैन के साथ सख्ती नहीं करने की गुजारिश भी की। इसका वीडियो वायरल हो रहा। 

इस मैच में 232 रन का पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स 20 ओवर में 8 विकेट पर 196 रन बना सकी और 35 रन से मुकाबला हार गई। 

5379487