Logo
MS Dhoni, Mahendra Singh Dhoni: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 से देवरी मां मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे।

MS Dhoni, Mahendra Singh Dhoni: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 से पहले रांची के देवरी मां मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना की। मंदिर में धोनी को देखकर उनके फैंस का जमावड़ा लग गया। लोग धोनी के साथ सेल्फी लेते नजर आए। कैप्टन का कूल का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि आज धोनी की बेटी जीवा का छठा बथर्ड है।

धोनी ने IPL के 17वें सीजन की तैयारी शुरू कर दी है। वह अपनी फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं। IPL 2023 के बाद उन्होंने अपने घुटने की सर्जरी कराई थी। इसके बाद वह फिर से मैदान पर वापसी की तैयारी में जुट गए हैं। हाल ही में वह टेनिस खेलते हुए भी नजर आए थे। इसके अलावा उनके जिम के कई वीडियो भी आए दिन सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। 

धोनी की कप्तानी में CSK ने 5 बार जीता खिताब
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके धोनी अब आईपीएल में खेलते हुए नजर आते हैं। वह लीग के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 5 बार IPL का खिताब जीता है। चेन्नई ने धोनी की कप्तानी में 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में ट्रॉफी अपने नाम की। CSK के अलावा मुंबई इंडियंस ने भी 5 बार IPL खिताब जीता है। धोनी IPL में 7वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक खेले 250 मैच की 218 पारियों में 5082 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 24 अर्धशतक भी लगाए हैं। 

धोनी की कप्तानी का कोई जवाब नहीं
धोनी के कप्तानी में चेन्नई ने IPL का पिछला सीजन जीता था। तब कयास लगाए जा रह थे कि धोनी लीग से संन्यास ले लेंगे, लेकिन उन्होंने ट्रॉफी जीतने के बाद कहा था कि अभी उनके पास एक साल है। वह अपने आप को तैयार करेंगे और अगले सीजन में फिर वापसी करेंगे। बता दें कि धोनी अब 42 साल के हो चुके हैं। वह अक्सर विकेटों के बीच भागने के दौरान थक जाते हैं। हालांकि, उनकी कप्तानी और विकेटकीपिंग का कोई जवाब नहीं है। पिछले सीजन के फाइनल में उन्होंने पलक झपकते ही इनफॉर्म शुभमन गिल की गिल्लियां बिखेर दी थीं। यहीं से CSK की मैच पर पकड़ मजबूत हो गई थी।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धोनी का प्रदर्शन
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धोनी के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 90 टेस्ट की 144 पारियों में 4876 रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने 350 वनडे की 297 पारियों में 10773 और 98 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 1617 रन जड़े। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 शतक और 108 अर्धशतक लगाए।  

ये भी पढ़ें: Srikar Bharat: आखिर कब चलेगा श्रीकर भरत का बल्ला, टेस्ट में अब तक नहीं लगाया एक भी अर्धशतक; शर्मनाक हैं आंकड़े

5379487