Logo
Punjab Kings vs Delhi Capital IPL 2024 Highlights: आईपीएल 2024 का दूसरा मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया। पंजाब किंग्स ने 4 गेंद रहते दिल्ली कैपिटल्स को 4 विकेट से हरा दिया।

Punjab Kings vs Delhi Capital IPL 2024 Highlights: पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2024 का दूसरा मुकाबला खेला गया। यह मैच चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में हुआ था। ये पंजाब किंग्स का नया होम ग्राउंड है। इससे पहले मोहाली पंजाब टीम का होम ग्राउंड था। पंजाब ने अपने नए होम ग्राउंड में जीत से शुरुआत की।

पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल 2024 के दूसरे मैच में चार विकेट से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 174 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब ने 4 गेंद रहते 6 विकेट गंवाकर टारगेट हासिल कर लिया। सैम करेन ने अर्धशतक लगाया। वहीं, लियाम लिविंगस्टोन ने 21 गेंद में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 38 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने छक्का लगाकर मैच खत्म किया। पंजाब ने आईपीएल के 17वें सीजन का आगाज जीत के साथ किया। जबकि कमबैक मैच में ऋषभ पंत को हार का मुंह देखना पड़ा। पंत ने चोट से उबरने के 14 महीने बाद वापसी की थी और दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी कर रहे थे। 

करेन ने 39 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। इससे पहले, पंजाब को 100 रन के स्कोर पर चौथा झटका लगा था। ऋषभ पंत ने कमाल की विकेटकीपिंग करते हुए कुलदीप यादव की गेंद पर पंजाब के उपकप्तान जितेश शर्मा को स्टम्प कर दिया था। जितेश रिवर्स स्वीप करने के चक्कर में क्रीज से बाहर आ गए थे। गेंद उनके बल्ले पर नहीं आई और सीधे पंत के ग्लव्स में गई। पंत ने पलक झपकते ही बेल्स बिखेर दिए और इस तरह जितेश की पारी 9 रन से आगे नहीं बढ़ पाई। 

कुलदीप यादव ने प्रभसिमरन सिंह को आउट किया था। पंजाब को चौथे ओवर में 34 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा था। ईशांत शर्मा ने चौथे ओवर की पहली गेंद पर शिखर धवन को बोल्ड किया था। धवन 16 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पांचवीं गेंद पर प्रभसिमरन सिंह ने ईशांत की तरफ सीधा शॉट खेला और फील्डिंग करने की कोशिश में गेंद ईशांत की उंगली से लगकर नॉन स्ट्राइकर छोर पर विकेट पर जा लगी। तब जॉनी बेयरस्टो क्रीज से बाहर थे और वो रन आउट हो गए।

पंजाब किंग्स के एक ओवर में दो विकेट गिरे

छठे ओवर में फील्डिंग के दौरान ईशांत शर्मा का दाएं एंकल मुड़ गया और इसके बाद उन्हें फीजियो की मदद से मैदान से बाहर ले जाया गया। 

अभिषेक पोरेल ने आखिरी ओवर में 25 रन कूटे

इससे पहले, दिल्ली की पारी का आखिरी यानी 20वां ओवर हर्षल पटेल ने फेंका था और इस ओवर में 21 साल के युवा विकेटकीपर बैटर अभिषेक पोरेल ने कुल 25 रन कूटे थे। अभिषेक ने ओवर की पहली गेंद पर चौका और दूसरी पर छक्का मारा। इसके बाद तीसरी और चौथी गेंद को भी चौके के लिए उड़ाए। पांचवीं गेंद पर अभिषेक ने स्क्वेयर लेग बाउंड्री की तरफ छक्का उड़ाया। आखिरी गेंद पर 1 रन लिया। इस तरह दिल्ली ने अपनी पारी के आखिरी ओवर में कुल 25 रन बटोरे। पोरेल ने 10 गेंद में चार चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 32 रन ठोके। आखिरी गेंद पर 2 रन लेने के चक्कर में कुलदीप यादव रन आउट हो गए। 

19वें ओवर तक दिल्ली का स्कोर आठ विकेट पर 149 रन था और पोरेल की तूफानी पारी की मदद से टीम 174 रन तक पहुंच गई। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने तेज शुरुआत दिलाई थी। दोनों ने पहले तीन ओवर में ही स्कोर 30 रन के पार पहुंचा दिया था। लेकिन चौथा ओवर करने आए अर्शदीप ने ओवर की दूसरी ही गेंद पर मार्श को कैच आउट कराया। मार्श 12 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वॉर्नर 29 रन बनाकर आउट हो गए थे। 

वॉर्नर के आउट होने के बाद शाई होप (33), ऋषभ पंत (18), रिकी भुई (3), ट्रिस्टन स्टब्स (5), अक्षर पटेल (21), सुमित कुमार (2) और कुलदीप यादव 1 रन बनाकर आउट हुए। 

इस मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। पंत ने टॉस के बाद कहा कि हम भी पहले बल्लेबाजी करते। विकेट थोड़ा स्लो दिख रहा है। मेरे लिए ये भावुक करने वाला पल है। मैं इस पल का पूरा मजा उठाना चाहता हूं। 

शिखर धवन भी लंबे वक्त से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। उनकी भी एक तरह से ये कॉम्पिटिटिव क्रिकेट में वापसी हुई। दोनों टीमों के बीच हुए पिछले 5 मुकाबलों पर नजर डालें तो दिल्ली कैपिटल्स का पलड़ा भारी लगता है। दिल्ली ने पांच में से 4 मैच जीते थे। 

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स:
शिखर धवन (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो, सैम करेन, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हरप्रीत बरार, हर्षल पटेल, कैगिसो रबाडा, राहुल चाहर, अर्शदीप सिंह, शशांक सिंह। इंपैक्ट सब्सिट्यूट: राइली रुसो, प्रभसिमरन सिंह, तन्य त्यागराजन, हरप्रीत सिंह, विदवत कवेरप्पा।

दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर, मिचेल मार्श, शाई होप, ऋषभ पंत (कप्तान), रिकी भुई, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, सुमित कुमार, कुलदीप यादव, खलील अहमद और ईशांत शर्मा। इंपैक्ट सब्सिट्यूट: अभिषेक पोरेल, मुकेश कुमार, जैक फ्रेजर मैकगर्क, विक्की ओस्तवाल, प्रवीण दुबे। 

5379487