Logo
Ranji Trophy 2024: IPL 2024 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए अच्छी खबर सामने आई है। टीम के 2 बल्लेबाजों ने तूफानी पारी खेली। रणजी ट्रॉफी 2024 में मुंबई के बल्लेबाज शिवम दुबे ने असम के खिलाफ शतक ठोका।

Ranji Trophy 2024: IPL 2024 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए अच्छी खबर सामने आई है। टीम के 2 बल्लेबाजों ने तूफानी पारी खेली है। रणजी ट्रॉफी 2024 में मुंबई के बल्लेबाज शिवम दुबे ने असम टीम के खिलाफ शतक ठोक दिया। दिन का खेल समाप्त होने तक शिवम 95 गेंदों पर 101 रन बनाकर नाबाद हैं। साथ ही CSK के सलामी बल्लेबाज और महाराष्ट्र के खिलाड़ी रुतुराज गायकवाड़ शतक से चूक गए। सर्विसेज के खिलाफ उन्होंने 161 गेंदों पर 96 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके और 1 छक्का लगाया। बता दें कि लीग की शुरुआत मार्च के अंत में हो सकती है, वहीं 26 मई तक लीग का फाइनल मुकाबला खेला जा सकता है। 

ये भी पढ़ें: IND vs ENG 3rd Test: डेब्यू टेस्ट में अर्धशतक से चूके ध्रुव जुरेल, फिर भी बना दिया यह कीर्तिमान

IPL में शानदार है शिवम की स्ट्राइक रेट

शिवम ने इससे पहले बंगाल के खिलाफ 72 रन बनाए थे और 2 विकेट लिए थे। उन्होंने यूपी के खिलाफ 4 और 117 रन जड़ने के साथ ही 3 सफलताएं भी प्राप्त की थीं। इसके अलावा केरल के विरुद्ध उन्होंने 51, 1 रन बनाया था और 1 विकेट भी झटका था। IPL में शिवम के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक खेले 51 मैच की 47 पारियों में 1099 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी औसत 28.18 की और स्ट्राइक रेट 142.17 की रही है। लीग में उन्होंने 6 अर्धशतक भी लगाए हैं। वह चेन्नई की ओर से लोअर ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं और तेजी से रन बनाने के लिए जाने जाते हैं। बल्लेबाजी के अलावा शिवम तेज गेंदबाजी करने में भी सक्षम हैं। IPL में उनके नाम 4 विकेट हैं। 

रुतुराज गायकवाड़ की शानदार वापसी

दूसरी ओर रुतुराज ने चोट के बाद शानदार वापसी की है। वह चोट के कारण पिछले 2 महीने से क्रिकेट से दूर थे और रिहैब से गुजर रहे थे। सर्विसेज के खिलाफ महाराष्ट्र के पहली पारी में 19 रन पर 4 विकेट गिर गए थे। इसके बाद रुतुराज ने पारी को संभाला और 96 रन बनाए। IPL में रुतुराज के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 52 मैच की 51 पारियों में 1797 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 14 अर्धशतक और 1 शतक लगाया है। बता दें कि महेंद्र धोनी कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 बार IPL का खिताब जीता है। चेन्नई ने धोनी की कप्तानी में 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में ट्रॉफी अपने नाम की। 

ये भी पढ़ें: Ravichandran Ashwin: राजकोट में रविचंद्रन अश्विन ने रच दिया इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में किया यह बड़ा कारनामा

5379487