Logo
Rohit Sharma: रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में 47 बॉल पर ही 58 रन बना दिए थे। हालांकि, वह टीम को जीत के पार नहीं ले जा सके।

IND vs SL 2nd ODI: भारत और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज दोपहर 2:30 बजे से खेला जाएगा। दोनों के बीच शुक्रवार को पहला मुकाबला टाई रहा था, जिस कारण आज का मैच जीतने वाली टीम सीरीज में बढ़त बना लेगी। दूसरे वनडे में भारत के कप्तान रोहित शर्मा इतिहास रच सकते हैं। वह आज 2 रन बनाते ही अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। 

रोहित ने पहले वनडे में लगाई थी फिफ्टी 
कप्तान रोहित ने पहले वनडे में भारत को तेज शुरुआत दिलाई थी। 231 रन का टारगेट चेज करते हुए उन्होंने छठे ही ओवर में टीम की फिफ्टी पूरी करा दी थी। 33 बॉल पर फिफ्टी लगाने के बाद वह 58 रन की पारी खेल कर आउट हुए थे। अगर वह 60 रन बनाते तो रिकॉर्ड बना लेते। 

कौन सा रिकॉर्ड बनाएंगे रोहित?
रोहित शर्मा ने भारत के लिए 263 वनडे खेलकर 10767 रन बनाए हैं। आज 264वें वनडे में 2 रन बनाते ही उनके 10769 रन हो जाएंगे। ऐसा करते ही वनडे में वह भारत के चौथे टॉप स्कोरर बन जाएंगे। रोहित दिग्गज राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ देंगे। द्रविड़ के नाम 10768 रन हैं। रोहित के बाद एमएस धोनी ने 10559 वनडे रन बनाए हैं। 

विराट के पास भी रिकॉर्ड बनाने का मौका 
भारत के लिए सबसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर ने बनाए हैं। उनके नाम 18426 रन हैं। उनके बाद विराट कोहली ने 13872 रन बनाए हैं। सौरव गांगुली 11221 रन बनाकर तीसरे नंबर पर हैं। विराट भी आज 128 रन बनाकर 14 हजार वनडे रन पूरे कर सकते हैं। 

श्रीलंका ने बनाए थे 230 रन 
कोलंबो में श्रीलंका ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 230 रन बनाए। दुनिथ वेल्लालागे ने 67 और पाथुम निसांका ने 56 रन बनाए। भारत से अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह को 2-2 विकेट मिले।

अच्छी शुरुआत के बाद बिखरी टीम इंडिया
भारत ने 12 ओवर में बगैर नुकसान के 75 रन बना लिए थे। यहां से टीम ने 12 रन बनाने में ही 3 विकेट गंवा दिए। रोहित शर्मा ने 58 रन बनाए। 6 बैटर्स को स्टार्ट मिला, सभी ने 15 से ज्यादा रन बनाए, लेकिन कोई भी टीम को जीत के पार नहीं पहुंचा सका। श्रीलंका से वनिंदु हसरंगा और चरिथ असलंका ने 3-3 विकेट लिए। दुनिथ वेल्लालागे को 2 विकेट मिले, उन्होंने 67 रन भी बनाए थे। इस प्रदर्शन के लिए वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। सीरीज का दूसरा वनडे 4 अगस्त को कोलंबो में ही खेला जाएगा।

दूसरे वनडे के लिए भारत की पॉसिबल प्लेइंग-11 
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मो. सिराज।

5379487