Logo
Shubman Gill Fifty: यशस्वी जायसवाल के ताबड़तोड़ शतक के बाद शुभमन गिल ने भी राजकोट टेस्ट के तीसरे दिन अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। गिल के टेस्ट करियर का ये 5वां अर्धशतक है।

नई दिल्ली। टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट टेस्ट के तीसरे दिन अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। भारत की बढ़त 300 रन के पार पहुंच चुकी है। दूसरी पारी में रोहित शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद शुभमन गिल और य़शस्वी जायसवाल ने ना सिर्फ भारतीय पारी को संभाला, बल्कि इंग्लैंड के बैजबॉल का उसी अंदाज में जवाब दिया। यशस्वी जायसवाल के शतक के बाद गिल ने भी अर्धशतक पूरा किया। जिस तरह यशस्वी ने छक्का लगाकर अपनी फिफ्टी पूरी की थी, ठीक उसी तरह गिल ने भी मार्क वुड की गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। 

शुभमन गिल ने 98 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के मारे। ये गिल के टेस्ट करियर का 5वां अर्धशतक है। राजकोट टेस्ट की पहली पारी में गिल खाता भी नहीं खोल पाए थे। ऐसे में उन्होंने दूसरी पारी में अर्धशतक जमाकर कमबैक किया है। इससे पहले, गिल ने वाइजैग टेस्ट की दूसरी पारी में 104 रन बनाए थे। 

यशस्वी जायसवाल के रिटायर्ड हर्ट होने से पहले गिल ने इस बाएं हाथ के बल्लेबाज के साथ दूसरे विकेट के लिए 155 रन जोड़ लिए थे। 
शुभमन गिल ने तीन नंबर पर 14 पारियों में अबतक बल्लेबाजी की है। पहली 11 पारियों में उन्होंने 22.30 की औसत से 223 रन बनाए थे और उनका बेस्ट स्कोर 47 रन था जबकि अगली तीन पारियों में उन्होंने 104, 0 और अर्धशतक जमा दिया है। 

खबर लिखे जाने तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट गंवाकर 192 रन बना लिए हैं। भारत की बढ़त 315 रन के पार हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल 104 रन पर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। पहली पारी में शतक जमाने वाले रोहित शर्मा, दूसरी पारी में 19 रन बनाकर ही आउट हो गए थे। उनका विकेट जो रूट के खाते में आया था। 

5379487