Logo
सुनील गावस्कर ने बताया कि क्यों मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा के स्थान पर हार्दिक पंड्या को टीम का कप्तान बनाने का फैसला लिया।

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने मुंबई इंडियंस द्वारा रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाने की असल वजह बताई है। गावस्कर का मानना है कि मुंबई इंडियंस ने ये फैसला टीम हित में लिया है। गावस्कर का मानना है कि पिछले दो सीज़न में रोहित शर्मा की कप्तानी में जुनून की कमी नजर आई। शाय़द यही वजह है कि मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 के लिए हार्दिक को कप्तानी सौंपी। 

मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच ऑल कैश डील के बाद हार्दिक पंड्या की मुंबई टीम में वापसी हुई है। ऐसी खबरें भी आईं कि हार्दिक ने कप्तान बनाए जाने की शर्त पर ही मुंबई इंडियंस लौटना तय किया था। ऐसे में रोहित शर्मा के खराब फॉर्म और उम्र को देखते हुए फ्रेंचाइजी ने हार्दिक की शर्त पर रजामंदी दे दी और पंड्या की मुंबई टीम में वापसी हुई।

हार्दिक ने आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस की कमान संभाली थी और पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बनाया था और इस साल गुजरात की टीम उपविजेता रही थी। 

हार्दिक को मुंबई का कप्तान बनाना सही: गावस्कर
गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के शो पर कहा, "हमें सही और गलत के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए। लेकिन, मुंबई इंडियंस ने जो फैसला लिया है, वो टीम हित में ही लिया होगा। पिछले दो सालों में रोहित का योगदान बल्ले से भी कम हो गया था। पहले वो काफी रन बनाते थे लेकिन पिछले कुछ सीजन से ऐसा नहीं हो रहा था। 2 साल पहले टीम 10वें स्थान पर रही थी। हां, ये सही है कि पिछले साल टीम ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया था लेकिन, पहले रोहित में जो जुनून नजर आता था, अब उनमें उसकी कमी दिख रही।"

'रोहित थके-थके से नजर आ रहे'
पूर्व भारतीय कप्तान ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि वो लगातार क्रिकेट खेलने और कप्तानी की वजह से थक गए हैं। फ्रेंचाइजी ने हार्दिक को ये सोचकर कप्तानी दी है कि वो युवा हैं और बतौर कप्तान उन्होंने नतीजे भी दिए हैं। उन्होंने गुजरात टाइटंस को दो बार आईपीएल के फाइनल में पहुंचाया और एक बार तो चैंपियन बनाया। कभी-कभी आपको नई सोच की जरूरत होती है और हार्दिक उसके साथ आए हैं। मुंबई इंडियंस को इससे फायदा होगा।" 

5379487