Logo
India vs Pakistan T20 World Cup 2024: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2024 में रविवार रात 8 बजे से हाई वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच से पहले क्रिकेट फैंस को विराट कोहली की वो पारी याद दिला देते हैं, जो उन्होंने पिछले टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेली थी। वो छक्के शायद ही कोई भूला होगा।

India vs Pakistan T20 World Cup 2024: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2024 में हाई वोल्टेज मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक, रात 8 बजे से खेला जाएगा। पिछली बार जब भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप में भिड़े थे, तब इतिहास रचा गया था। विराट कोहली ने अकेले दम पर पाकिस्तान को घुटने पर ला दिया था। उनके वो दो छक्के शायद ही कोई क्रिकेट फैन भूला होगा। आइए उस दिन महामुकाबले में क्या हुआ था और उस दिन विराट कोहली ने कैसा कोहराम मचाया था। आइए उसकी यादें ताजा करा देते हैं। 

भारत और पाकिस्तान के बीच 2022 के टी20 विश्व कप में 23 अक्तूबर को मेलबर्न में टक्कर हुई थी। रोहित शर्मा की अगुआई में उतरी भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 159 रन पर रोक दिया था। 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 31 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। भारतीय फैंस को हार दिखने लगी थी। लेकिन, अभी विराट कोहली बाकी थे और उन्होंने अकेले दम पर पूरा माहौल बदल दिया था। 

भारत के दोनों ओपनर रोहित शर्मा और केएल राहुल 4-4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। तीसरे नंबर पर आए विराट कोहली ने खूंटा गाड़ दिया था। लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। 31 रन पर 4 विकेट गंवाने वाली टीम इंडिया को इसके बाद विराट कोहली और हार्दिक पंड्या की साझेदारी ने संभाला। इन दोनों ने भारत को 31 रन से 144 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया था। 

कोहली ने रऊफ को 2 छक्के लगाए थे
हालांकि, मैच में सबसे बड़ा रोमांच आना बाकी था। भारतीय पारी का 19वां ओवर शायद ही कोई भूला होगा। भारत को एक वक्त पर 8 गेंद पर 28 रन चाहिए थे। हारिस रऊफ 19वां ओवर फेंक रहे थे। जीत दूर नजर आ रही थी। लेकिन, कोहली ने रऊफ की पांचवीं गेंद पर सीधा गेंदबाज के सिर के ऊपर से छक्का मार सबको हैरत में डाल दिया। इस शॉट को कितनी बार देखा जाए, उसका रोमांच कम नहीं होता है। आखिरी गेंद भी छक्के के लिए गई। 

कोहली ने नाबाद 82 रन ठोक भारत को दिलाई जीत
आखिरी ओवर में जब भारत को 16 रन और बनाने थे, तब हार्दिक पंड्या आउट हो गए थे। लेकिन विराट डटे रहे और उन्होंने इसी ओवर में मोहम्मद नवाज की गेंद पर छक्का लगाया और आखिर में भारत को जीत दिला दी। कोहली 53 गेंद में 82 रन पर नाबाद लौटे। ये टी20 इतिहास की सबसे श्रेष्ठ पारियों में से एक मानी जाती है। 

5379487