Logo
Vinod Kambli Video: सचिन तेंदुलकर के जिगरी यार विनोद कांबली की शायद तबीयत ठीक नहीं है। उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कांबली एक कदम तक चलने में लाचार नजर आ रहे हैं।

Vinod Kambli Video: सचिन तेंदुलकर के जिगरी दोस्त पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली की सेहत ठीक नहीं है। हाल ही 52 वर्षीय  कांबली का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो खुद से एक कदम तक नहीं चल पा रहे हैं। ये वीडियो देखकर हर कोई हैरान है। वीडियो में देखा जा सकता है कि वो लड़खड़ा रहे हैं। कांबली के पैर उठ नहीं रहे हैं। इसके बाद कुछ लोग आते हैं और उनकी मदद करते हैं। 

वीडियो में देखा जा सकता है कि विनोद कांबली एक बाइक के सहारे सड़क पर खड़े नजर आ रहे हैं। वो चलने की कोशिश करते हैं। लेकिन, एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाते हैं। वहां खड़े कुछ लोग उन्हें पहचान जाते हैं और फिर कांबली की मदद के लिए आगे आते हैं और उन्हें तीन-चार लोग सहारा देकर सड़क से फुटपाथ पर लाते हैं। 

नरेंद्र गुप्ता नाम के एक मीडियाकर्मी ने विनोद कांबली का ये वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। उन्होंने इस वीडियो के साथ लिखा, "पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली की सेहत ठीक नहीं है। पहले भी कांबली अपनी निजी जिंदगी की तकलीफों और सेहत को लेकर भी खुलकर बात कर चुके हैं। इससे पहले भी तबीयत खराब होने पर उन्हें कई अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। वो दिल की बीमारी और डिप्रेशन से भी जूझ चुके हैं। यही उम्मीद करता हूं कि वो जल्दी रिकवर हों और उन्हें जरूरी मदद मिल पाए।"

विनोद कांबली ने 1993 से 2000 के बीच में भारत के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे खेले थे। उन्होंने 2004 में मुंबई के लिए अपना आखिरी फर्स्ट क्लास मैच खेला था। उस मुकाबले की दोनों पारियों में कांबली ने 92 रन बनाए थे। 2013 में जब कांबली चेंबूर से अपने घर जा रहे थे तब उन्हें हार्ट अटैक आया था। तब एक पुलिस अधिकारी ने उन्हें समय रहते अस्पताल पहुंचाया था। इसके एक साल बाद उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी। इसके बाद उनकी सेहत में सुधार हुआ था। हालांकि, हालिया वीडियो देखकर तो यही लग रहा है कि कांबली काफी बीमार हैं। 

5379487