Logo
IND vs ENG Test: भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट 15 फरवरी से राजकोट में खेला जाएगा। इस मैच से पहले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने अपनी टीम को चेतावनी दी है।

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट 15 फरवरी से राजकोट में खेला जाएगा। फिलहाल, टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर है। भारत ने हैदराबाद टेस्ट हारने के बाद विशाखापट्टनम में इंग्लैंड को 106 रन से शिकस्त दी थी। इस मैच में युवा बैटर यशस्वी जायसवाल ने दोहरा शतक ठोका था। जायसवाल की इस पारी ने भी टीम इंडिया की जीत की नींव रखी थी। उन्होंने पहले टेस्ट में भी 80 रन की पारी खेली थी। इस प्रदर्शन के बाद दिग्गज इस युवा बैटर के मुरीद हो गए हैं। इसमें इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन भी शामिल हैं। 

माइकल वॉन ने इंग्लैंड के लिए भारत के खिलाफ मौजूदा सीरीज में सबसे बड़ा खतरा यशस्वी जायसवाल होंगे। उन्होंने क्लब प्रेयरी फायर पॉडकास्ट पर यशस्वी पर कहा, "वह पिछले साल आईपीएल के दौरान मुंबई में यशस्वी से मिले थे और अगले दिन ही उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना लीग का अपना पहला शतक बनाया था और अब उन्होंने दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम के खिलाफ दोहरा शतक जमाने में कामयाबी हासिल की है। मैं कहूंगा कि वह इंग्लैंड के लिए जरूर एक समस्या हैं। वह एक मुद्दा हैं। वह एक अविश्वसनीय खिलाड़ी हैं।"

बता दें कि यशस्वी जायसवाल ने विशाखापट्टनम में दोहरा शतक जमाया था और वो डबल सेंचुरी जमाने वाले तीसरे सबसे कम उम्र के भारतीय बैटर हैं। यशस्वी ने 22 साल और 37 दिन की उम्र में दोहरा शतक ठोकने का कारनामा किया था। भारत के लिए दोहरा शतक जमाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी विनोद कांबली हैं। कांबली ने 21 साल और 35 दिन की उम्र में ये कमाल किया था। सुनील गावस्कर ने भी 21 साल और 283 दिन दिन की उम्र में 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 220 रन की पारी खेली थी। 

भारत हैदराबाद में खेला गया पहला टेस्ट 28 रन से हारा था। वहीं, विशाखापट्टनम टेस्ट को 106 रन से जीतकर भारत ने सीरीज 1-1 से बराबर की थी। 

5379487