Logo
IND vs ENG 3rd Test: राजकोट में खेले गए तीसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को रिकॉर्ड 434 रन से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाई। यह रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी टेस्ट जीत है।

IND vs ENG 3rd Test: राजकोट में खेले गए तीसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को रिकॉर्ड 434 रन से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाई। यह रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी टेस्ट जीत है। मुकाबले को जीतने के लिए  इंग्लैंड को दूसरी पारी में जीत के लिए 557 चाहिए थे, लेकिन पूरी टीम 122 रन ही बना सकी। दूसरी पारी में भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने 5 शिकार किए। इसके अलावा यशस्वी जायसवाल ने भारत की दूसरी पारी में दोहरा शतक लगाया। आइए जानते हैं राजकोट में भारत की जीते 5 हीरो कौन रहे हैं।

यशस्वी जायसवाल
सीरीज में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले यशस्वी जायसवाल ने तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में दोहरा शतक जड़ा। पहली पारी में 10 रन बनाने वाले जायसवाल ने दूसरी पारी में 236 गेंदों पर नाबाद 214 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 14 चौके और 12 छक्के जड़े। इसके साथ ही वह एक पारी में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने वसीम अकरम की बराबरी की।

ये भी पढ़ें: IND vs ENG 3rd Test: यशस्वी जायसवाल ने रच दिया इतिहास, टेस्ट इनिंग में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने

रोहित शर्मा
तीसरे टेस्ट में रोहित शर्मा ने कप्तानी के साथ ही बल्लेबाजी में भी अहम योगदान दिया। उन्होंने राजकोट टेस्ट की पहली पारी में शतक जड़ा। भारतीय कप्तान ने 196 गेंदों पर 131 रन की पारी खेली। दूसरी पारी में रोहित कुछ खास नहीं कर सके। उन्होंने 28 गेंदों पर 19 रन बनाए। 

मोहम्मद सिराज
तीसरे टेस्ट में भारत की जीत में मोहम्मद सिराज का भी अहम योगदान रहा। उन्होंने इंग्लैंड की पहली पारी में सस्ते में समेटने में अहम भूमिका निभाई। सिराज ने 21.1 ओवर में 4 की इकॉनमी से 84 रन देकर 4 शिकार किए। हालांकि, इंग्लैंड की दूसरी पारी में उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। 

रवींद्र जडेजा
अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे रवींद्र जडेजा ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने पहली पारी में 225 गेंदों पर 112 रन की पारी खेली। इसके अलावा उन्होंने इंग्लैंड की पहली पारी में 2 और दूसरी पारी में 5 शिकार किए। चोट के कारण जडेजा सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच नहीं खेल पाए थे। उम्दा प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। 

शुभमन गिल
तीसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने अपने बल्लेबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के चलते दोनों पारियों में पहाड़ जैसा स्कोर बनाया। पहली पारी में खाता नहीं खोल पाने वाले शुभमन गिल ने दूसरी पारी में अर्धशतक जड़ा। हालांकि, गिल शतक से चूक गए। कुलदीप यादव से तालमेल में कमी के चलते वह रन आउट हुए। गिल ने 151 गेंदों पर 91 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के जड़े।

ये भी पढ़ें: IND vs ENG 3rd Test: भारतीय टीम की टेस्ट में सबसे बड़ी जीत, इंग्लैंड को 434 रन से दी मात; जडेजा ने खोला पंजा

5379487