Logo
Bihar Politics Updates: नीतीश कुमार 2022 में भाजपा से गठबंधन तोड़कर लालू यादव की राजद के साथ गठबंधन कर लिया था। लेकिन एक बार फिर वे भाजपा के साथ वापस आ रहे हैं। 

Bihar Politics Updates: बिहार की राजनीति से बड़ी खबर है। सूत्रों ने बताया कि नीतीश कुमार लालू यादव की राजद से तनाव के बीच एक बार फिर राज्य में नई सरकार बनाने जा रहे हैं। नीतीश कुमार और भाजपा के बीच गठबंधन पक्का हो गया है। हालांकि औपचारिक मुहर लगना बाकी है। रविवार को नीतीश कुमार भाजपा के समर्थन से सरकार बनाएंगे और 9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं।

भाजपा से दो डिप्टी सीएम रहेंगे। सुशील मोदी को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। सुशील मोदी ने कहा कि राजनीति में, दरवाजे स्थायी रूप से बंद नहीं होते हैं। राजनीति संभावनाओं का खेल है, कुछ भी हो सकता है।

Live Updates...

  • RJD ने बिहार में सियासी उथल पुथल के बीच शुक्रवार को बैठक बुलाई थी। देर रात यह बैठक खत्म हो गई। ऐसा कहा जा रहा है कि कल यानी शनिवार को आरजेडी विधायक राज्यपाल के सामने परेड कर सकते हैं। 
  • बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि सभी को पता है कि खेला हो रहा है कि नहीं। जल्द ही बिहार में सरकार गिरेगी। आज ही सारा खेला हो जाएगा।
  • जेडीयू नेता उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि महागठबंधन में नीतीश कुमार घुटन महसूस कर रहे थे। वह इस सरकार में सहज नहीं थे। 
  • बिहार में चल रहे सियासी घमासान के बीच बिहार सरकार ने प्रदेश के 45 प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला कर दिया है। शुक्रवार शाम अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी कर दी गई। 
  • लालू प्रसाद की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनता दल ने जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री और उनके बेटे संतोष मांझी को उप मुख्यमंत्री बनाने का ऑफर दिया। इसके कुछ ही देर बाद जीतन राम मांझी ने इसकी पुष्टि की
  • केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मुझे विश्वास है कि केंद्रीय आलाकमान देश और पार्टी (भाजपा) के हित के अनुसार निर्णय लेगा। मैं इससे न खुश हूं और न ही नाखुश। मैं एक पार्टी कार्यकर्ता हूं। और मेरा काम है पार्टी के फैसले को स्वीकार करना, चाहे जो कुछ भी मेरे मन में हो।  

  • राजभवन में तेजस्वी यादव की कुर्सी खाली है। कुर्सी पर तेजस्वी यादव के नाम की पर्ची लगी थी, जिसे मंत्री अशोक चौधरी ने हटा दिया है। 
  • नीतीश कुमार राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात करने पहुंचे हैं। मंत्री अशोक चौधरी और पूर्व सीएम और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के नेता जीतन राम मांझी भी राजभवन पहुंचे हैं। राजभवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम है। 

  • दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक में शामिल रहे नेता वापस पटना लौटने लगे हैं।
  • आरजेडी के सांसद मनोज झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को संशय दूर करना चाहिए। वे हमारे गठबंधन के नेता हैं। आरजेडी की तरफ से कोई कन्फ्यूजन नहीं है। 

  • भाजपा विधायक तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि कल बुधवार को बिहार बीजेपी के कुछ नेताओं को बैठक के लिए बुलाया गया था और लोकसभा चुनाव पर चर्चा हुई। बीजेपी बिहार की बेहतरी और देश के विकास के लिए फैसले लेती है। राजनीति में दरवाजे कभी बंद नहीं होते। पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व वही फैसला लेगा जो बिहार के हित में होगा। 
  • कांग्रेस नेता प्रेम चंद्र मिश्रा ने कहा कि मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि नीतीश कुमार इंडिया गठबंधन के साथ बने रहेंगे। नीतीश कुमार ने बीजेपी को सत्ता से बाहर करने का संकल्प लिया है और हमें उनके संकल्प पर भरोसा है। 
  • बीजेपी विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने कहा कि परिवर्तन तय है। अब थोड़े समय की बात है। बीजेपी में कल पार्टी ने फैसला भी ले लिया है। नीतीश जी भी तैयार हैं। पीएम मोदी भी नीतीश जी को पसंद करते हैं। अगर नीतीश जी हमारे साथ आते हैं तो एनडीए बिहार की सभी 40 सीटें जीतेगी। मुझे लगता है कि दो दिनों में सब कुछ ठीक हो जाएगा। बिहार में एनडीए सरकार बनेगी।

नीतीश कुमार ने रद्द किए सभी कार्यक्रम
नीतीश कुमार ने रविवार को तय सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। वे महाराणा जयंती के अवसर पर एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करने वाले थे। जदयू ने अपने सभी विधायकों को पटना लौटने का फरमान जारी किया है। भाजपा के तमाम नेता दिल्ली में हाईकमान के साथ ताबड़तोड़ मीटिंग कर रहे हैं। एनडीए के सभी सहयोगी दलों से भी बातचीत चल रही है। 

नीतीश कुमार ने 2022 में भाजपा से गठबंधन तोड़कर लालू यादव की राजद के साथ गठबंधन कर लिया था। लेकिन बीते कई दिनों से दोनों दलों के बीच खींचतान मची हुई है। 

बहुमत का आंकड़ा 122 
नीतीश कुमार ने 2020 में भाजपा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था। लेकिन 2 साल बाद ही नीतीश कुमार ने पलटी मार ली और बिहार की सबसे बड़ी पार्टी राजद के साथ मिलकर सरकार बनाई। 2020 विधानसभा चुनाव में जदयू ने 115, भाजपा ने 110 सीटों पर चुनाव लड़ा था। भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 74 सीटें जीतने में कामयाब हुई तो वहीं नीतीश की पार्टी ने सिर्फ 43 सीटों पर ही जीत हासिल कर सकी थी। वर्तमान में बिहार विधानसभा में सीटों की कुल संख्या 243 है। यहां बहुमत साबित करने के लिए 122 सीटों की जरूरत होती है।

विधानसभा की स्थिति

पार्टी विधायक
राजद 79
जदयू 45
कांग्रेस 19
भाकपा (माले) 12
भाकपा 02
माकपा 02
निर्दलीय 01
विपक्ष 82

 

भाजपा 78
हिंदुस्तान आवाम मोर्चा 04
अन्य 01
एआईएमआईएम 01

जदयू के खाते से कटेगी लोकसभा सीटें
सूत्रों का कहना है कि भाजपा ने नीतीश के सामने कड़ी शर्तें रखी हैं। जिसमें विधासभा अध्यक्ष नामांकन से लेकर कैबिनेट में फेरबदल का गेम प्लान तैयार किया जा चुका है। सबसे महत्वपूर्ण लोकसभा सीटों का बंटवारा है। जदयू को दी जाने वाली लोकसभा सीटों में कटौती भी होगी। 2019 में जदयू ने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 16 जीती थीं। लेकिन एनडीए के अन्य सहयोगियों के समायोजन को देखते हुए इस बार नीतीश कुमार को 12- 15 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है। 

5379487