Logo
CG, 10 फरवरी की प्रमुख खबरें: आज मुख्यमंत्री साय पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेंगे। अंबिकापुर में चंगाई सभा के दौरान हिन्दू संगठन ने मचाया हंगामा। 

रायपुर। पुलिस मुख्यालय में सभी रेंज के आईजी और एसपी की बैठक शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा बैठक ले रहे हैं। इस बैठक में डीजीपी अशोक जुनेजा, खुफिया अधिकारी और अन्य अफसर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा राज्य में क्या खास होगा, उस पर हरिभूमि के पैनी नज़र रहेगी। अब छत्तीसगढ़ की तमाम छोटी- बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक पर पढ़ सकते हैं। 

CG में शनिवार को कहां क्या हुआ?  Live updates  

'राम वन गमन परिपथ' निर्माण का होगा सोशल ऑडिट : 'राम वन गमन परिपथ' निर्माण का सोशल ऑडिट कराने के फैसले पर वरिष्ठ BJP विधायक अजय चंद्राकर ने कहा है कि, प्रदेश के इतिहास से छेड़छाड़ की किसी को अनुमति नहीं है। जिन कंपनियों को मूर्ति बनाने का काम कांग्रेस पार्टी की भूपेश सरकार ने दिया, उन्हें अनुभव नहीं था। अजय चंद्राकर ने यहां तक कहा कि, चंदखुरी में लगी मूर्ति भगवान राम जैसी दिखती है क्या। किसी को श्रीराम के नाम पर पैसे खाने का हक नहीं है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति के नाम पर कांग्रेस सरकार ने पैसा खाया। अब सोशल ऑडिट के माध्यम से जनता के सामने तथ्य रखेंगे। 

रायपुर रेलवे स्टेशन में चली गोली : सारनाथ एक्सप्रेस से उतरते वक्त आरक्षक की बंदूक से गोली चल गई। गोली उसके सीने पर लगी और एक अन्य यात्री के पेट पर लगी, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों को अफरा-तफरी में  अस्पताल पहुंचाया गया। रामकृष्ण अस्पताल में इलाज के दौरान आरक्षक की मौत हो गई। वहीं घायल यात्री मोहम्मद दानिश को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है जहां उसका इलाज जारी है। 

मंत्री दयाल दास बघेल के बंगले में ड्यूटी कर रहे आरक्षक ने  खुद को गोली मारकर की आत्महत्या : मंत्री दयाल दास बघेल के स्टेशन रोड में स्तिथ बंगले में ड्यूटी कर रहे आरक्षक ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। यह घटना देर रात 2:00 बजे की है। आरक्षक रोहित सलामे ने अपनी रायफल से ठुड्डी में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इसका कारण अभी अज्ञात है। पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे एसपी मामले की जांच कर रहे हैं। यह घटना गंज थाना क्षेत्र की है। 

अंबिकापुर में चंगाई सभा के दौरान हिन्दू संगठन ने मचाया हंगामा :  छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में मणिपुर थाना क्षेत्र के मठपारा में ईसाई लोगों द्वारा चंगाई सभा कर बीमार लोगों को ठीक करने का खेल चल रहा था। मोहल्ला वासियों ने संगठन को इसकी सूचना दी थी। उनका आरोप है कि, लगभग तीन सप्ताह से बीमार लोगों को ठीक करने का खेल चल रहा था। हिन्दू संगठन के लोगों ने वहां पर जमकर हंगामा मचाया। मकान मालिक के अनुसार, वे सभी प्रभु यीशु की प्रार्थना कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने कहा कि, शिकायत के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। 

Ruckus during healing meeting
चंगाई सभा के दौरान मचा हंगामा

बालोद जिले में खड़ी ट्रक में अचानक आग लग गई, ग्रामीणों ने जैसे-तैसे बुझाया : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के कुसुमकसा में अपना ढाबा के समीप खड़ी ट्रक में आग लग गई। आगजनी को देखने के लिए वहां पर भीड़ इकट्ठा होने लगी। लोगों ने फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी लेकिन एक घंटे बाद भी दमकल टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों जैसे-तैसे आग को बुझाया। 

fire breakout
ट्रक में लगी आग
5379487