Logo
भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल धमतरी के सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती पर  ज़ोर दिया गया। साथ ही कई गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।

गोपी कश्यप- नगरी। भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल धमतरी के तत्वावधान में सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें जिले और मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस जी रहे, जिन्होंने अपने उद्बोधन में संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

बैस ने कहा, भाजपा की असली ताकत हमारे कार्यकर्ता हैं। पार्टी के हर कार्यकर्ता को यह समझना होगा कि संगठन की नींव बूथ पर रखी जाती है। जब हमारा प्रत्येक बूथ सशक्त होगा, तभी हम हर चुनाव में विजयश्री प्राप्त कर सकेंगे। कार्यकर्ताओं का समर्पण ही वह शक्ति है, जिसने भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बनाया है। उन्होंने यह भी कहा कि, अब समय आ गया है कि हम प्रत्येक वार्ड, प्रत्येक मोहल्ले और प्रत्येक परिवार तक पार्टी की विचारधारा, योजनाओं और नेतृत्व की दृष्टि को पहुँचाएं।

Active worker conference
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस

संगठनात्मक गतिविधियों पर हुई चर्चा 

कार्यक्रम में नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष पवन गजपाल का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया। सम्मेलन के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

ये रहे मौजूद 

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री अविनाश दुबे, निवृत्तमान मंडल अध्यक्ष विजय साहू, नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष पवन गजपाल, अर्चना चौबे, बिथिका विश्वास, श्यामा साहू, प्राची सोनी, कैलाश सोनकर, अखिलेश सोनकर, राजेंद्र शर्मा, सुभाष चंद्राकर, सूरज शर्मा, श्यामलाल नेताम, युवराज मरकाम उपस्थित रहे।

5379487