Logo
रायपुर दक्षिण विधानसभा उप चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने अपनी तैयारी तेज कर दी है।

रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा उप चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। चुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस ने कार्यकर्ता सम्मेलन का आगाज रायपुर दक्षिण से 20 अक्टूबर से करने का ऐलान कर दिया है। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश कांग्रेस से सभी वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होंगे। कांग्रेस ने विधानसभा सीट पर प्रत्याशी को लेकर सर्वे कराया है, इसके आधार पर प्रत्याशी तय किए जाएंगे। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि समय से पहले नाम की घोषणा कर दी जाएगी। वहीं भाजपा ने इस सीट के लिए सात नामों का पूरा विवरण दिल्ली भेजा है, जहां से एक नाम का ऐलान किया जाएगा। रायपुर दक्षिण उपचुनाव की तारीखों का ऐलान किए जाने के बाद कांग्रेस के प्रभारी सचिव विजय जांगिड़ 17 तारीख को यहां पहुंचकर विधानसभा चुनाव के संबंध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रणनीति पर विचार करेंगे। 

कांग्रेस ने दक्षिण के उपचुनाव के लिये संगठन स्तर पर तैयारी पहले से कर ली है। विधानसभा के सभी 19 वार्डो में पार्टी की बूथ कमेटियों को मुस्तैद कर दिया गया है। वार्ड स्तर पर जिम्मेदारी दी जा चुकी है, लगातार कार्यकर्ताओं की बैठकें जारी हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता उपचुनाव को लेकर उत्साहित हैं। बताया गया है कि, कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने कांग्रेस 20 अक्टूबर को प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा करने के बाद हाईकमान को तीन नामों को पैनल भेजेगी, उनमें से एक नाम की घोषणा की जाएगी। 25 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किया जाना है, अतः समय से पहले नाम घोषित कर दिए जाएंगे। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने कहा, हमारे लिए अच्छा अनुकूल अवसर है। राज्य सरकार की कमजोरियों को मुद्दा बनाकर प्रचार किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें...धान खरीदी पर सियासत : केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा- कांग्रेस ने अपने राज में किसानों को परेशान किया

केंद्रीय चुनाव समिति में चर्चा के बाद तय होंगे प्रत्याशी

भाजपा में जो नाम प्रत्याशी के तौर पर सामने आए हैं, उनमें से तीन नामों का पैनल केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा गया है। इन नेताओं की पूरी जानकारी, सर्वे रिपोर्ट केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेजी गई है। दिल्ली में संगठन के पदाधिकारी नाम फाइनल करेंगे। इसके बाद पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी का ऐलान किया जाएगा।

भाजपा, सरकार के कार्यों पर लड़ेगी चुनाव

भाजपा सरकार अपने 10 माह के कार्य के दौरान किए गए कार्यों को चुनाव के दौरान भुनाने का प्रयास करेगी। 10 माह के कार्यकाल को लेकर जनता तक जाएंगे। रायपुर दक्षिण विधानसभा की बैठक महामंत्री संगठन पवन साय, संभाग प्रभारी सौरभ सिंह, पूर्व सांसद सुनील सोनी की उपस्थिति में भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर हुई। कार्यकर्ताओं को चुनाव में जुटने कहा गया। वहीं चुनाव को लेकर सभी भाजपा मंडल के पदाधिकारियों को सक्रिय कर दिया गया है। राजधानी की इस सीट पर पार्टी ने मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और शिवरतन शर्मा को प्रभारी बनाया है।
  

5379487