Logo
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कांग्रेस पार्टी ने दो बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आब्जर्वर बनाया गया है, इसके अलावा उन्हें बिहार भी भेजा जा दरहा है।  

रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बहुप्रचारित भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सीनियर ऑब्जर्वर बनाया गया है। वहीं बिहार में चल रही सियासी उठापटक के बीच कांग्रेस पार्टी की गतिविधियों के संबंध में भी श्री बघेल को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। 

पार्टी की ओर से दो बड़ी नई जिम्मेदारी मिलने के बाद शनिवार की शाम भूपेश बघेल दिल्ली रवाना हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि, आज 5 बजे वे दिल्ली रवाना होंगे। दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के साथ मुलाकात के बाद वे बिहार जा सकते हैं। उल्लेखनीय है कि, बिहार में पिछले दो दिनों से भारी सियासी उठापटक जारी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक बार फिर से पाला बदलने की अटकलों के बीच चर्चा यह भी है कि, बिहार से कांग्रेस के ज्यादातर विधायक एक गुट बनाकर भाजपा के पाले में जा सकते हैं। इसी टूट से पार्टी को बचाने के लिए भूपेश बघेल को बिहार भेजे जाने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बैठकों का दौर

राजीव भवन में आज कांग्रेस की बड़ी बैठक का दूसरा दिन है। सुबह 11 बजे बैठक शुरू होगी। इस बैठक में चुनाव समिति के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे। लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी। 

प्रदेश कांग्रेस मुख्‍यालय में कल भी हुई थी बैठक

26 जनवरी की दोपहर छत्‍तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस मुख्‍यालय में स्‍क्रीनिंग कमेटी की बैठक की शुरुआत हुई थी। इस बैठक में प्रभारी सचिन पायलट, स्क्रीनिंग कमेटी प्रमुख रजनी ताई पाटिल, कृष्णा अल्लावरू, परगट सिंह सहित वरिष्ठ नेता की मौजूद रहे। पीसीसी चीफ दीपक बैज, पूर्व सीएम भूपेश बघेल सहित प्रदेश कांग्रेस के सभी नेता भी मौजूद रहे।

टीएस सिंहदेव ने कहा- मेरे लिए चुनाव लड़ना संभव नहीं 

वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने देश की राजधानी नई दिल्ली में हरिभूमि डाट काम के सहयोगी समाचार चेनल INH न्यूज से खास बातचीत की। सिंहदेव ने खुद के लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर कहा कि, मेरे लिए चुनाव लड़ने की संभावनाएं नहीं हैं। उन्होंने कहा कि, जिस क्षेत्र का मैं प्रतिनिधित्व करता हूं वहां पर बेहद कम वोट देखने को मिले थे। मैं जीत नहीं पाया। वहीं जिस क्षेत्र से मैं आता हूं.. वह आरक्षित सीट है। ऐसे में कहीं और जाकर चुनाव लड़ना, जहां पहले से ही लोग तैयारी कर रहे हों अच्छा नहीं है। 

कांग्रेस और बीजेपी का वोट शेयर बराबर- सिंहदेव 

इसके अलावा श्री सिंहदेव ने कहा कि, विधानसभा चुनाव में वोट शेयर कांग्रेस और बीजेपी का बराबर ही था। लोकसभा चुनाव में सफलता प्राप्त करने के लिए कांग्रेस के पास अच्छी संभावना है। वहीं राहुल गांधी की  भारत जोड़ो यात्रा में ममता बनर्जी के शामिल न होने पर सिंहदेव ने कहा कि, राहुल गांधी न्याय की बात को लेकर देश का दौरा कर रहे हैं। यात्रा में जो आना चाह रहे हैं वह आ रहे हैं मिलने के लिए।

5379487