Logo
बाइक सवार परिवार को तेज रफ्तार वाहन ने ठोकर मार दी। बाइक में चार लोग सवार थे। हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिता और एक बेटा घायल है। 

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरअसल, बाइक सवार परिवार को तेज रफ्तार वाहन ने ठोकर मार दी। बाइक में चार लोग सवार थे। हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिता बुरी तरह से घायल हो गया है और एक छोटे बच्चे को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना नंदिनी थाना क्षेत्र की है। 

मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई के कुरुद गांव में रहने वाले मोहन यादव (38) अपनी पत्नी उर्मिला (33), 10 और 5 साल के बेटों के साथ बाइक से अपनी बहन के घर नंदिनी खुंदनी गया था। इसके बाद रात 8 बजे वह भिलाई वापस जा रहे थे। इस दौरान नंदिनी खुंदनी शासकीय स्कूल के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। इससे पत्नी और बच्चा सड़क पर गिर गए। सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 

घायलों का इलाज जारी 

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने नंदिनी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। जहां मां और 10 साल के बेटे वंश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। वहीं घायल मोहन लाल का इलाज जारी है। पूरे मामले में पुलिस मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। 

5379487