Logo
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने अपने पुराने 18 करोड़ सदस्यों की सदस्यता रद्द करके नए सिरे से देशभर में सदस्यता अभियान के लिए तैयारी कर रही है। 

रायपुर। प्रदेश में भाजपा का सदस्यता अभियान तीन सितंबर से प्रारंभ हो रहा है। हालांकि 6 सितंबर को बूथों से सामान्य लोगों को सदस्य बनाने का काम प्रारंभ होगा। इस बार जहां मिस काल से सदस्य बनेंगे, वहीं बूथ स्तर से ही सभी सदस्यों की पूरी कुंडली बनाकर रखी जाएगी। बूथों के बाद शक्ति केंद्र, मंडल, जिलों और फिर प्रदेश स्तर पर भी सभी सदस्यों का रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसके पहले मिस कॉल करके सदस्य बना दिए जाते थे, लेकिन यहां पर रिकॉर्ड नहीं रहता था, लेकिन इस बार जिनको भी ऑनलाइन सदस्य बनाया जाएगा, उनका ऑफलाइन रिकॉर्ड भी रखा जाएगा।  

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने अपने पुराने 18 करोड़ सदस्यों की सदस्यता रद्द करके नए सिरे से देशभर में सदस्यता अभियान सितंबर से चलाने का फैसला किया है। इसको लेकर छत्तीसगढ़ भी लगातार तैयारी चल रही है। मडंलों से लेकर जिलों और अब अंत मं संभाग स्तर की बैठक करके तैयारी पूरी कर ली गई है। सबकी जिम्मेदारी भी तय हो गई है। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक वार रूम भी बना दिया गया है। प्रदेश संगठन ने 50 लाख से ज्यादा सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया है। हर बूथ में 200 सदस्य बनाए जाएंगे। प्रदेश में करीब 25 हजार बूथ है। ऐसे में 50 लाख का लक्ष्य आसानी से पूरा हो जाएगा।

इसे भी पढ़ें...बनी सहमति : निगम, मंडल, आयोग की पहली सूची में होंगे एक दर्जन नाम

ऑफलाइन भी भरेंगे फार्म

सदस्यता के लिए एक मोबाइल नंबर जारी किया गया है। इसमें मिस कॉल करने पर सदस्य बन जाएंगे। मिस कॉल करने पर मिस कॉल करने वाले के मोबाइल में एक मैसेज आएगा। उसमें सदस्य बनने वाले को अपनी पूरी जानकारी देनी होगी। चूंकि प्रदेश संगठन ने तय किया है कि प्रदेश में भी सदस्यों का पूरा रिकॉर्ड रखा जाना है, इसलिए तय किया गया है कि बूथों में जिनको भी सदस्य बनाया जाएगा, उनका ऑफलाइन रिकॉर्ड भी रखा जाएगा। रायपुर जिले के संयोजक सत्यम दुआ ने बताया, रायपुर सहित प्रदेश में जहां भी सदस्य बनाएं जाएंगे, उनका ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन फार्म भी भरा जाएगा ताकि रिकॉर्ड रखा जा सके। इसके लिए सभी बूथों के लिए फार्म दिए गए हैं। सबसे पहले बूथों में सदस्यों का फार्म देखकर एक रजिस्टर बनाया जाएगा जिसमें सदस्यों के नाम लिखे होंगे। बूथों में जितने भी सदस्य बनेंगे, उसका पूरा रिकॉर्ड शक्ति केंद्रों को भेजा जाएगा। शक्ति केंद्र अपने पास रिकॉर्ड रखने के साथ रिकॉर्ड की एक प्रति मंडलों को भेजेंगे। इसी तरह से मडंलों से रिकॉर्ड जिलों और जिलों से प्रदेश संगठन के पास जाएगा। ऐसे में हर स्तर पर सदस्यों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।

इसे भी पढ़ें...वित्त मंत्री चौधरी बोले- पीएम मोदी के बाद सीएम साय लेंगे सदस्यता, 10 करोड़ के लक्ष्य को करेंगे पूरा

सभी संभागों में हुई कार्यशाला

सदस्यता अभियान को लेकर शनिवार को सभी पांच संभागों रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा में कार्यशाला की गई। इसमें क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सदस्यता प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव और प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव सहित सभी प्रमुख पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का अभियान के संदर्भ में प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से मार्गदर्शन किया।

5379487