Logo
इस अभियान में देश के हर गांव तक भाजपा के किसी न किसी कार्यकर्ता को जाना है। अभियान का प्रारंभ आज से हो रहा है। इसका समापन 11 फरवरी को होगा।

रायपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने देशभर में गांव चलो अभियान चलाने का फैसला किया है। अभियान का प्रारंभ बुधवार से हो रहा है। समापन 11 फरवरी को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर होगा। इस अभियान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के कांसाबेल में 10 फरवरी की रात गुजारेंगे।

वे यहां से सुबह हेलीकॉप्टर से जाएंगे।  कृषिमंत्री रामविचार नेताम इसी दिन बलरामपुर के एक गांव में जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश के सभी मंत्री भी अपने-अपने विधानसभा के किसी एक गांव में जाएंगे और रात को रुकेंगे। सांसद, विधायक, बड़े से लेकर छोटे पदाधिकारी और नेता भी एक-एक गांव तक जाएंगे और वहां पर 24 घंटे रहेंगे। पहले दिन प्रदेशाध्यक्ष किरण देव बुधवार को रायपुर ग्रामीण के एक गांव में रात गुजारेंगे। केंद्र सरकार के साथ ही जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, उनकी उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने गांव चलो अभियान तैयार किया है। इस अभियान में देश के हर गांव तक भाजपा के किसी न किसी कार्यकर्ता को जाना है। अभियान में सभी केंद्रीय मंत्रियों, राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों, विधायकों और सांसदों को शामिल किया गया है। इसी के साथ बूथ लेकर मंडल, शक्ति केंद्र, जिला और प्रदेश संगठन के भी सभी पदाधिकारियों को एक-एक गांव तक जाने का जिम्मा दिया गया है।

20 हजार गांव तक जाएंगे

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, प्रदेश सह संयोजक विधायक मोतीलाल साहू, गोमती साय ने एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया, गांव चलो अभियान में छत्तीसगढ़ के सभी 20 हजार गांवों तक भाजपा पहुंचेगी। इस अभियान में मुख्यमंत्री से लेकर सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, सहित सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता गांवों में जाकर 24 घंटे वहां रुकेंगे। भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी गांवों में जाकर केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से मिलेंगे और वहां के लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। हर वर्ग के लोगों को बताया जाएगा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद वादे के मुताबिक मोदी की गारंटी को पूरा करने का काम प्रारंभ हो गया है।
 

5379487