Logo
श्रीलंका के अशोक वाटिका से अयोध्या तक चरण पादुका शोभायात्रा निकाली जा रही है। 22 जनवरी को राम मंदिर में इसकी स्थापना की जाएगी।

संतोष कश्यप-अंबिकापुर। श्रीलंका के अशोक वाटिका से भगवान श्रीराम के भक्त उनकी चरण पादुका लेकर अयोध्या जा रहे हैं। रविवार को संभाग मुख्यालय अंबिकापुर पहुंचने पर श्रीराम भक्तों की भीड़ चरण पादुका दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। वहीं आज सोमवार को सुबह से ही लोग श्री राम के चरण पादुका के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।

शहर के अग्रसेन भवन में चरण पादुका के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्री राम जी के जयकारे से पूरा शहर  राममय हो गया। आध्यात्म को लेकर उत्साह के संगम से भक्तों में जो भाव उत्पन्न हुआ वह भावुक करने वाला है। यह यात्रा आठ राज्यों से होकर निकाली जा रही है। अंबिकापुर में पहुंचने पर चरण पादुका शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में श्रीराम भक्त मौजूद रहे। 

तीर्थ स्थलों से होकर अयोध्या पहुंचेगी चरण पादुका 
श्रीलंका के अशोक वाटिका से अयोध्या तक चरण पादुका शोभायात्रा निकाली जा रही है। यह शोभायात्रा राम वन गमन परिपथ के रास्ते श्रीराम के ननिहाल के 300 तीर्थ स्थलों से होकर 22 जनवरी को अयोध्या पहुंचेगी। वहां पर राम मंदिर में चरण पादुका स्थापित की जाएगी। 

प्राण प्रतिष्ठा के बाद राजनांदगांव में निकलेगी श्रीराम हर्ष शोभायात्रा

वहीं 22 जनवरी को अयोध्या में श्री राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के बाद राजनांदगांव में भी इसका उत्सव मनाने के लिए श्री राम हर्ष यात्रा निकाली जाएगी। गंज लाइन स्थित श्री बालाजी हनुमान मंदिर से इस यात्रा की शुरुआत दोपहर ढाई बजे होगी। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरने वाली इस यात्रा को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। यात्रा में बैंड बाजे, धुमाल, पंथी नृत्य, अखाड़े सहित श्री राम की भव्य झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

22 जनवरी को आयोजित होने वाले प्राण प्रतिष्ठा आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां

श्री बालाजी हनुमान मंदिर समिति और बाल समाज द्वारा अयोध्या में आगामी 22 जनवरी को आयोजित होने वाले प्राण प्रतिष्ठा आयोजन को लेकर शहर में व्यापक तैयारियां की जा रही है। समिति के सदस्यों ने बताया कि गंज चौक से लेकर भारत माता चौक तक भगवा रोशनी से सजाने के लिए लाइटिंग, तोरण और स्वागत द्वार से सजाया जाएगा। इसके अलावा शोभायात्रा के रूट में भी साज सज्जा की जा रही है। श्री बालाजी हनुमान मंदिर में 22 जनवरी को सुबह आठ बजे से 11 बजे तक सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन किया जा रहा है। इसके बाद सुबह 11 बजे प्रोजेक्टर द्वारा श्री राम प्रभु की प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण किया जाएगा। दोपहर दो बजे से श्री राम हर्ष शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद शाम सात बजे से महाआरती, दीपोत्सव और प्रसादी का आयोजन किया गया है। मंदिर परिसर में शाम को आतिशबाजी भी की जाएगी। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी जनता से इस शोभायात्रा में शामिल होने का आग्रह किया है।

शोभायात्रा का रूट
श्रीराम हर्ष शोभायात्रा गंज लाइन स्थित श्री बालाजी हनुमान मंदिर से दोपहर दो बजे निकलेगी। यहां से यात्रा आगे बढ़ते हुए तिरंगा चौक से रामाधीन मार्ग, सुरजन गली से कामठी लाइन होते हुए हमालपारा, गुड़ाखू लाइन से जुनी हटरी होते हुए यह मानव मंदिर चौक पहुंचेगी। यहां से सिनेमा लाइन से होते हुए वापस गंज लाइन मंदिर परिसर में यात्रा का समापन होगा।

5379487