Logo
Chhattisgarh Chief Minister Oath Ceremony: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अलावा डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली।

रायपुर. छत्तीसगढ़ के आदिवासी नेता विष्णु देव साय ने बुधवार शाम 4 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। विष्णु देव छत्तीसगढ़ के चौथे और भाजपा के दूसरे मुख्यमंत्री हैं। उनके साथ डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। राजधानी रायपुर स्थित साइंस कॉलेज मैदान में हुए शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले मंच पर मौजूद रहे।

Chhattisgarh CM Oath
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन ने दिलाई शपथ।

इन राज्यों के मुख्यमंत्री पहुंचे

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा, गोवा के CM प्रमोद सावंत और त्रिपुरा के CM माणिक साहा शपथ ग्रहण में शामिल हुए। मध्यपदेश की तरह यहां भी श्पथ ग्रहण समारोह करीब 10 मिनट चला। सीएम  डिप्टी सीएम के अलावा अन्य किसी भी मंत्री को शपथ नहीं दिलाई गई। 
 

शपथ से पहले साय ने की नवग्रह पूजा
शपथ से पहले नव नियुक्त मुख्यमंत्री ने पुरेना स्थित अपने निवास में नवग्रह पूजा की। उनके साथ धर्मपत्नी कौशल्या देवी और परिजन उपस्थित रहे। साथ ही जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं बलराम जी की विधि-विधान से पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे।

जोगी को छोड़कर तीन मुख्यमंत्रियों ने दिसंबर में ली शपथ 
छत्तीसगढ़ में अब तक चार मुख्यमंत्री शपथ ले चुके हैं। अजीत जोगी को छोड़कर तीन सीएम ने दिसंबर माह में शपथ ली। जोगी ने नवंबर में शपथ ग्रहण की थी। 1 नवंबर वर्ष 2000 को छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री के रूप में अजीत जोगी ने पुलिस परेड मैदान में शपथ ली थी। 6 दिसंबर 2003 को डॉ रमन सिंह ने पुलिस परेड मैदान में शपथ ली। 12 दिसंबर 2008 को फिर रमन का पुलिस परेड मैदान में राजतिलक हुआ। 12 दिसंबर 2013 को डॉ रमन सिंह ने तीसरी बार पुलिस परेड मैदान में शपथ ली। इसके बाद कांग्रेस की सराकर बनी और 17 दिसंबर, 2018 को भूपेश बघेल ने बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में शपथ ग्रहण की। अब 13 दिसंबर 2023 को विष्णुदेव साय ने साइंस कॉलेज मैदान में शपथ ली।

सरपंच से शुरू हुआ राजनीतिक करियर
विष्णुदेव साय का राजनीतिक सफर गांव की राजनीति से शुरू हुआ। 1989 में बगिया के सरपंच बने। पहली बार 1990 में तपकरा विधायक बने। इसके बाद 1999 में राजगढ़ से सांसद बने। 2004, 2009 और 2014 में लोकसभा का चुनाव जीता। साय के पास 3.80 करोड़ की संपत्ति है। 1991 में कौशल्या देवी से उनकी शादी हुई। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। 
 

5379487