Logo
बस्तर जिले में 10 में से सिर्फ दो सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है। बाकी 8 बसें कबाड़ बन गईं। निगम प्रशासन की नींद अब टूटी है।

जीवानंद हलधर-जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के लिए आई 10 सिटी बसें कबाड़ बन गई हैं। बसों के कबाड़ में तब्दील हो जाने के बाद प्रशासन और निगम की नींद टूटी है। बसों का संचालन फिर से शुरू करने की कवायद की जा रही है। उधर बस्तरवासी सिटी बसों के संचालन का इंतजार लंबे समय से कर रहे हैं। 

बता दें कि, तत्कालीन बीजेपी सरकार ने 2015 में बस्तर जिले में शहर और गांव वालों को सुविधा देने के लिए 10 सिटी बसों को शुरू किया था। लेकिन यह सुविधा बस्तर वासियों को अधिक समय तक नहीं मिल पाई और देखरेख के अभाव में ये बसें कबाड़ बन गई। इससे लोगों को आवाजाही के लिए ऑटो और निजी वाहनों का उपयोग करना पड़ रहा है, जिससे उनकी जेब में यात्रा का बोझ भी बढ़ रहा है। 

लोगों में जगी उम्मीद

बताया जा रहा है कि, 10 सिटी बसों में मात्र 2 बसों का ही संचानल किया जा रहा है बाकी 8 बसें पूरी तरह से खराब हो चुकी हैं। लेकिन अब प्रदेश में सरकार बदलते ही लोगों को आस है कि, शायद अब सिटी बसें फिर से सड़कों में दौड़ने लगेंगी।

आयुक्त ने मंगाई फाइल

इधर सिटी बसों के दोबारा संचालन को लेकर निगम आयुक्त ने बसों की फाइल मंगवाई है और कहा कि, सिटी बसों को शुरू करने के लिए जल्द ही टेंडर निकाला जाएगा। वहीं आयुक्त ने बताया कि, 40 लाख खर्च कर सभी खराब पड़ी बसों का मरम्मत कराया जाएगा और अप्रैल माह से शहर और गांव वालों को यह सुविधा दी जाएगी। इसके लिए निगम प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है।

5379487