Logo
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के गाड़ाडीह के किसान रमनलाल साहू ने जैविक खेती को अपनाया है। खेत में सोलर पैनल और गोबर गैस संयंत्र लगवाकर बना डाला गौवंश के लिए गौठान। 

यशवंत गंजीर-कुरुद। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार बनने के बाद जैविक खेती को खासा बढ़ावा दिया जा रहा है। वैसे तो इस आधुनिक दौर में खेती- किसानों को उतना महत्व नहीं दिया जाता, जितना की सरकारी या किसी अन्य नौकरी को दिया जाता है। लेकिन पुराने समय में बुजुर्गो का मानना था कि, नौकरी करोगे तो जीवन भर नौकर ही बने रह जाओगे। इसलिए पुराने लोग नौकरी को कम और स्वयं के व्यवसाय को अधिक महत्व देते थे।

परम्परागत खेती को छोड़ा पीछे

ऐसी ही कहानी धमतरी जिले अंतर्गत कुरूद ब्लाक के ग्राम गाड़ाडीह निवासी प्रगतिशील किसान रमनलाल साहू की है। उन्होंने परम्परागत खेती को पीछे छोड़ आधुनिक खेती को अपनाया है। जैविक खेती को बढ़ावा देते हुए जल एवं पर्यवरण संरक्षण की दिशा में भी सराहनीय काम किया है।  

cm vishnu deo sai
सीएम के हाथों सम्मानित हुए किसान रमनलाल

रबी सीजन में दलहन-तिलहन की उपज लेकर जल संरक्षण 

प्रगतिशील किसान श्री साहू बताते हैं कि, बीते 8 सालों से वे धान की जैविक खेती कर रहे हैं। जल संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए वे रबी सीजन में दलहन-तिलहन की फसल ले रहे हैं। इससे जमीन की उर्वरकता तो बढ़ी ही है, साथ ही फसल की उपज भी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि, उनके पास 3 एकड़ से अधिक कृषि भूमि है, जिसमें खरीफ सीजन में धान और रबी सीजन में दलहन-तिलहन की फसल लेते हैं।

क्रेडा की मदद से लगवाया सोलर पैनल  

श्री साहू बताते हैं कि, किसान होने के साथ-साथ वे पशु मित्र भी हैं। उन्होंने गली-मोहल्लों में आवारा घूमने वाले गौवंश को सहारा देने के उद्देश्य से अपने खेत समीप 25 डिसमिल भाग में गौठान तैयार किया है। इन गौवंश से प्राप्त होने वाले गोबर का उपयोग जैविक खेती करने में वे कर रहे हैं। वहीं दूध बेचकर हर माह 9 हजार रुपये की शुद्ध आमदनी प्राप्त कर रहे हैं। श्री साहू ने यह भी बताया कि, उन्होंने खेत में छोटा सा तालाब बनाया है, जिससे गौवंश के लिए पानी की व्यवस्था की है। वहीं प्रदेश सरकार की इकाई क्रेडा की मदद से सोलर पैनल भी लगवाया है। इसके साथ ही गोबर गैस संयंत्र लगाकर गौवंश के लिए दाना-पानी उबालते हैं।

दूयसरे किसानों को भी कर रहे प्रोत्साहित

श्री रमनलाल साहू रासायनिक खेती के दुष्परिणामों के बारे में अन्य किसानों को अवगत कराते हुए जैविक खेती करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। साथ ही अपने गौशाला से उत्पादित गोबर, गौ मूत्र को अपने खेतों में उपयोग करते हुए जहरमुक्त अन्न की पैदावार कर उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की व्यवस्था करते हैं। जैविक खेती को बढ़ावा देने के श्री साहू को मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने अभी हाल ही में सम्मानित भी किया है।

5379487