Logo
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने मितानिनों को स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ की हड्डी बताया है। अब उनको प्रोत्साहन राशि सीधे खाते में मिला करेगी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में शुक्रवार को आयोजित एक गरिमापूर्ण समारोह में CM साय ने प्रदेश की मितानिनों को आनलाइन प्रोत्साह राशि देने की शुरुआत की। इस अवसर पर मौजूद हजारों मितानिनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, मितानिनों को पहले पैसा अटक- अटक कर जाता था।  अब खातों में सांय-सांय पैसा जायेगा। कम समय में स्वास्थ्य विभाग ने इस पहल को पूरा किया। 

मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मितानिनों की बड़ी भूमिका

उनहोंने कहा कि, आज एक क्लिक में सभी मितानिनों के खाते में राशि पहुंच गई। प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था मितानिनों के कंधों पर टिकी है। स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ की हड्डी हैं हमारी मितानिन बहनें। टीकाकरण, प्रसव जैसे अनेक काम मितानिनों के जिम्मे ही हैं। उन्होंने   कोविड काल को याद करते हुए कहा कि, उस कठिन दौर में मितानिनों ने बेहतर काम किया। मातृ मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर में कमी आने में मितानिनों का बड़ा योगदान है। 

मितानिन स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ की हड्डी हैं: जायसवाल

इससे पहले मितानिनों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि, आज छत्तीसगढ़ की मितानिनों के लिए विशेष दिन है। आज से साय- साय मितानिनों के खाते में पैसा जाएगा। मितानिन स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ की हड्डी हैं। इनके बिना हम निचले स्तर पर काम नहीं कर सकते। CM साय ने मितानिनों को समय पर प्रोत्साहन राशि मिले इसकी चिंता की। 

भाजपा के राज में मितानिन हाई टेक हो रही हैं

अब राज्य स्तर से मितानिनो को प्रोत्साहन राशि मिलेगी। पहले राज्य से जिला, जिले से ब्लॉक में पैसा जाता था, इस प्रक्रिया में विलम्ब होता था। श्री जायसवाल ने कहा कि, कांग्रेस ने भ्रम फैलाने का काम किया। अब भाजपा के राज में मितानिन हाई टेक हो रही हैं। सिकलसेल की जाँच के लिए किट दी गई है। आने वाले दिनों में मितानिनों की स्थिति और अच्छी होगी। 

अब 15 पैसा नहीं, पूरा रुपया आनलाइन जमा होता है : साव

डिप्टी CM अरुण साव ने इस अवसर पर कहा कि, कांग्रेस के ज़माने में 1 रुपए में 15 पैसा लोगों तक पहुँचता था। आज नरेंद्र मोदी का जमाना है, हर गरीब के दर्द को समझने वाला PM है। आज एक- एक पैसा ऑनलाइन जमा होता है। पूरा देश डिजिटल इंडिया के दौर में आगे बढ़ रहा है।

5379487