Logo
रायपुर जिले के आंकड़ों में अपराधों पर अंकुश बताया गया, लेकिन 2022 की तुलना में बीते साल यानी 2023 में सड़क हादसे ज्यादा हुए।

रायपुर।  राजधानी पुलिस ने बुधवार को जिले का क्राइम डेटा पेश करते हुए पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अपराधों में कमी होने का दावा किया है। हत्या, डकैती और रेप जैसे संगीन अपराध कम हुए हैं, लेकिन पुलिस द्वारा जारी डेटा के मुताबिक 2022 की तुलना में बीते साल यानी 2023 में सड़क हादसे ज्यादा हुए। आंकड़ों में यह भी कहा गया है कि हादसे ज्यादा हुए, पर मरने वालों की संख्या में 13 प्रतिशत तक की कमी आई है। पिछली बार सड़क हादसों में मृतकों की संख्या 583 थी, इस वर्ष 506 है।

पुलिस अफसरों ने डेटा जारी करते हुए दावा किया है कि बेहतर पुलिसिंग की वजह से राजधानी में क्राइम का ग्राफ कम हुआ है। पुलिस अफसरों के मुताबिक बदमाशों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जाने की वजह से अपराधिक घटनाएं कम हुई हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष ठगी की घटनाओं में भी कमी आई है। ठगी के 342 प्रकरणों में से पुलिस ने 238 प्रकरणों में 66 लाख 50 हजार रुपए से ज्यादा की रकम होल्ड कराकर पहली बार ठगी के शिकार लोगों को रिफंड कराने में कामयाबी हासिल की है। साथ ही साइबर ठगी के 21 सौ 58 प्रकरणों में एक करोड़ 81 लाख 26 हजार रुपए एनसीसीआर पोर्टल से होल्ड कराया है।


हर दिन पांच से ज्यादा सड़क दुर्घटना

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2022 में जहां 1911 सड़क दुर्घटनाओं में 583 लोगों की मौतें हुई थी और 13 सौ से ज्यादा लोग घायल हुए थे, वहीं वर्ष 2023 में एक हजार 934 सड़क हादसों में 506 मौतें हुई हैं। एक्सीडेंट में डेढ़ हजार से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। जिले में औसतन हर दिन पांच एक्सीडेंट की घटानाएं घटित हुई हैं। मरने वालों में ज्यादातर दोपहिया वाहन चालक हैं।

चालान से 45 प्रतिशत ज्यादा शुल्क वसूली

ट्रैफिक उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस ने पिछले वर्ष 88 हजार प्रकरण दर्ज कर 4 करोड़ 77 लाख रुपए जुर्माना राशि वसूल की थी, वहीं वर्ष 2023 में ट्रैफिक पुलिस ने यातायात उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 1 लाख 8 हजार से ज्यादा लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 8 लाख 65 हजार रुपए समंस शुल्क वसूल किया है। पिछले वर्ष की तुलना में ट्रैफिक पुलिस ने 45 प्रतिशत ज्यादा समन शुल्क की राशि वसूल की है।

क्राइम आंकड़े इस प्रकार रहे


■ हत्या - वर्ष 2023 में 63, वर्ष 2022 में 75
■ हत्या की कोशिश - वर्ष 2023 90, वर्ष 2022 में 124
■ रेप - वर्ष 2023 में 214, वर्ष 2014 में 266
■ डकैती - वर्ष 2023 में पांच घटनाएं तथा वर्ष 2022 में डकैती की सात घटनाएं
■ लूट - वर्ष 2023 में 87, वर्ष 2022 में 110 चोरी वर्ष ,2023 में 1587, वर्ष 2022 में 1966 नकबजनी वर्ष 2023 में 505, वर्ष 2022 में 630
■ ठगी - वर्ष 2023 में 342, वर्ष 2022 में 359

5379487