Logo
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व स्टार प्रचारक राजनाथ सिंह रक्षामंत्री दंतेवाड़ा के गीदम जावंगा में विजय संकल्प शंखनाद चुनावी सभा मे पहुंचे। कांग्रेस घोटाले पर घोटाले करने वाली पार्टी है।

पंकज भदौरिया-दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में प्रथम चरण का मतदान बस्तर से शुरू होने जा रहा है। पहले चरण के चुनाव में बस्तर लोकसभा सीट में 19 अप्रैल को मतदान है। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा और भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप के बीच सीधी टक्कर नजर आ रही है। शनिवार को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व स्टार प्रचारक राजनाथ सिंह रक्षामंत्री दंतेवाड़ा के गीदम जावंगा में विजय संकल्प शंखनाद चुनावी सभा मे पहुंचे। 

सभा को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस को भारत से विलुप्त होती पार्टी बताते हुये डायनोसोर की प्रजाति की संज्ञा दे दी। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस घोटाले पर घोटाले करने वाली पार्टी है। छतीसगढ़ में तो कांग्रेस ने गोठान से लेकर गोबर तक घोटाला किया। आज हमारे प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि ऐसा भारत का निर्माण हो जिसमें कोई गरीब ना हो। इन्हीं सबको देखते हुये बस्तर के 9 वनोपज की जगह 90 वनोपज समर्थन मूल्य में खरीदी हमारी सरकार कर रही है। हमारी सरकार में आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक हम नही समझते हैं। ये हमारे भारत का गौरव है। इसलिए भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को हमारी सरकार जनजातीय गौरव दिवस के रूप में बनाती है। 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते भाजपाई
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते भाजपाई

देश में रामराज्य का सपना हुआ पूरा 

कांग्रेस को जंग लगा लोहा बताते हुए कहा कि, हम आगामी 3 साल में हर गरीब को पक्का आवास दे देंगे। भारत मे पीएम मोदी वजह से ही रामराज्य का सपना पूरा हुआ. बीजेपी ने डिजिटल ट्रांजेक्शन की जो शुरुआत की थी आज पूरे भारत का हर व्यक्ति मोबाइल से ही लेन देन करता है। दुनिया का 46% लेनदेन भारत करता है। आजाद भारत में गरीबों, पिछड़ों की यदि किसी ने चिंता की है तो नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने की। हमारे ही नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के ह्दय में आदिवासियों के लिए कितना सम्मान था। इसका अनुमान आप इसी बात से लगा सकते हैं कि, उन्होंने आदिवासियों से जुड़े विषयों के लिए अलग मंत्रालय बना दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासियों के लिए अधिक से अधिक वनोपज पर न्यूनतम समर्थन मूल्य देने की घोषणा की। अब लगभग सौ वनोपज एमएसपी के दायरे में हैं। आज आदिवासी भाई भी मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर रहे हैं। 

चुनाव के साथ ही निपट जाएगी कांग्रेस 

आज मोबाइल के माध्यम से दुनिया में जितना लेन-देन हो रहा है, उसमें 46 प्रतिशत भारत में हो रहा है। पिछले 75 साल में कांग्रेस सरकार सिर्फ वादे करती रही, ये लोग लोगों की आंखों में धूल झोकते हैं। लेकिन 2014 में जब हमने चुनावी घोषणा पत्र जारी किया तो कहा कि अयोध्या में भव्य मंदिर बनाएंगे। आपने देखा कि भगवान राम कुटिया से निकलकर अपने भव्य मंदिर में पहुंच चुके हैं। अब तो मुझे लगता है कि कुछ दिन में चुनाव तो निपट जाएगा, इसी के साथ छत्तीसगढ़ से कांग्रेस भी निपट जाएगी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को एक प्रभावी वक्ता बताते हुए कहा कि, मैं दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष का भाषण सुन रहा हूं। यह एक प्रभावी वक्ता हैं और प्रदेश की समस्याओं को जानते और समझते हैं।

 किरण सिंह देव बोले- सभी 11 सीटें जीतकर देना है

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव जी ने कहा कि, कांग्रेस की सरकार ने पांच साल तक छत्तीसगढ़ में मोदी सरकार की योजनाओं में रुकावट डाली। यही वजह है कि उन्हें प्रदेश की जनता ने सबक सिखाया और उन्हें उखाड़ फेंका है। आप लोगों ने भाजपा को जो आशीर्वाद दिया, उसके लिए आपको बहुत-बहुत धन्यवाद। आज प्रदेश में सुशासन दिख रहा है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल में धान की खरीदी हुई। 21 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से धान की खरीदी हुई। महतारी वंदन योजना का 12 हजार रुपये सालाना महिलाओं को दिया जा रहा है। बस्तर क्षेत्र से महेश कश्यप युवा और मिलनसार हैं। हम सभी संकल्प ले रहे हैं कि, प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीट पर भाजपा का कमल खिलाएंगे। इस तरह मोदी जी की तीसरी बार सरकार बनाएंगे।

महेश कश्यप बोले- मैं आपके परिवार का बेटा और भाई 

इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप ने कहा कि, मेरे जैसे सामान्य और गरीब परिवार के सदस्य को भाजपा ने लोकसभा का टिकट दिया है। यह सब भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है। यह इसलिए क्योंकि इस पार्टी की बदौलत ही चाय बेचने वाला एक साधारण व्यक्ति देश के सर्वोच्च पद पर पहुंच सकता है। अब तीसरी बार मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए आप मुझे अपने बेटे, भाई और परिवार के सदस्य को आशीर्वाद दें। 

विधायक चैतराम बोले- पीएम मोदी का नेतृत्व ही देश को लेकर जाएगा आगे

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष और स्थानीय विधायक चैतराम एटामी ने कहा की बस्तर पहले चरण में लोकसभा चुनाव में भाजपा की महाविजय का शंखनाद कर देगा। यह चुनाव भारत को विकसित भारत बनाने वाला साबित होगा, इसके लिए हम सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सक्षम और सशक्त नेतृत्व चाहिए।आइए हम सब 19 अप्रैल को भाजपा प्रत्याशी भाई महेश कश्यप को विजयी बनाएं।

महेश गागड़ा ने किया मंच संचालन 

इस अवसर पर मंच का संचालन कर रहे पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि, बस्तर की इस विजय संकल्प शंखनाद महारैली में उपस्थित विशाल जनसमूह यह संकेत दे रहा है कि एक बार फिर मोदी सरकार, इस बार 400 पार। वरिष्ठ भाजपा नेता निवास राव मद्दी ने आभार व्यक्त किया। 

कई बड़े नेता और कार्यकर्ता रहे उपस्थित 

इस कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश मंत्री ओजस्वी मंडावी, लोकसभा प्रभारी महेश जैन,जिला संगठन प्रभारी श्रीनिवास राव मद्दी, जिलाध्यक्ष व विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी, महेश गागड़ा, कमल चंद्र भंजदेव, संजय पांडे, विधानसभा प्रभारी अरुण सिंह भदौरिया, जिला महामंत्री द्वय धीरेन्द्र प्रताप, संतोष गुप्ता, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश महामंत्री नन्दलाल मुडामि समेत सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित हुए। 

5379487