Logo
लोकसभा चुनाव की तारीख की आज घोषणा होगी। इसे लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने बयान जारी किया है। उनका दावा है कि, बीजेपी 11 की 11 सीटों पर जीत हासिल करने के लिए तैयार है। 

रायपुर। लोकसभा चुनाव की तारीख की आज घोषणा हो सकती है। इसे लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा आज लोकसभा चुनाव के तारीखों के साथ कार्यक्रमों की घोषणा होनी है। भारतीय जनता पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि, विधानसभा के चुनाव समाप्त होते ही पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट चुकी थी और लगातार पार्टी की बैठकें चल रही हैं। 

लोकसभा चुनाव को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि, पार्टी ने विधानसभा के सम्मेलन शुरू कर दिए हैं। हमारे 11 के 11 प्रत्याशी घोषित हो गए हैं। निश्चित रूप से हम पूरी तरह से चुनाव के मैदान में हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस पार्टी के ऐसे हालात हैं कि, वह प्रत्याशी भी नहीं तय कर पा रहे हैं। कोई भी चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं है। वहीं उन्होंने आगे कहा कि, बीजेपी ने तय कर लिया है कि 11 के 11 सीटों पर जीत हासिल करेंगे। जनता भी हमारे साथ है और तीन बार मोदी सरकार के पक्ष में है। 

नैतिकता की बात करना कांग्रेस को शोभा नहीं देता-साव 

सोशल मीडिया पर भाजपा प्रत्याशियों के कार्टून वाले सवाल पर कहा पिछले पांच सालों में किसने राजनीति का स्तर गिराया यह जनता देख रही है। नैतिकता की बात करना कांग्रेस को शोभा नहीं देता। चिंतामणि महाराज एक बड़े वर्ग के सम्माननीय व्यक्ति हैं। वह कांग्रेस में लंबे समय तक रहे अब भाजपा में उनकी वापसी हुई है। इसलिए कांग्रेस का उनके लिए इस तरह की बातें करना सही नहीं है। 

कांग्रेस के पास कोई मुद्दे नहीं है, इसलिए बौखलाई है

प्रशासनिक फेरबदल पर कांग्रेस के बयान पर कहा डिप्टी सीएम साव ने कहा कि, प्रशासनिक फेरबदल रूटिन का काम है। कांग्रेस के पास कोई मुद्दे नहीं है। वह चाहे तो देश और छत्तीसगढ़ के विकास पर बात करे। 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। आम लोगों के जीवन में परिवर्तन आया है। कई लोगों को आवास मिला है। कांग्रेस इन मुद्दों पर बात करे। उन्होंने आगे कहा कि, कांग्रेस आज मुद्दा विहीन है, नेतृत्व विहीन है और नियत विहीन है। इसलिए आज कोई भी कांग्रेस की टिकट पर चुनाव नहीं लड़ना चाहता है। 

5379487