Logo
देर शाम एक बार फिर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में जवानों ने 2 नक्सलियों को मार गिराया है। लाश के साथ हथियार और विस्फोटक समेत दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी मिली हैं।

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार की देर शाम एक बार फिर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में जवानों ने 2 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों की लाश के साथ हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। इतना ही नहीं जवानों ने नक्सलियों के कैंप को भी ध्वस्त किया है। 

मिली जानकारी के अनुसार, बेदरे थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस को सूचना मिली थी कि, घने जंगल में नक्सली इकट्ठे हुए हैं उनके साथ नेशनल पार्क एरिया कमेटी के हार्डकोर नक्सलियों की भी मौजूदगी यहां हैं। इसके बाद बीजापुर से पुलिस फोर्स की एक टुकड़ी को मौके के लिए रवाना किया गया। जब जवान नक्सलियों के ठिकाने पर पहुंचे, तो नक्सलियों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों को मुहतोड़ दिया।

जंगल की आड़ लेकर भागे नक्सली 

तक़रीबन 20 से 25 मिनट तक दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी हुई। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल की आड़ लेकर भाग निकले। फायरिंग रुकने के बाद जवानों ने घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन चलाया। जिसमें दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही हथियार और विस्फोटक समेत नक्सलियों के दैनिक उपयोग की चीजें भी मिली हैं।

नक्सली कैंप भी किया गया ध्वस्त

इस मामले को लेकर पुलिस अफसरों ने कहा कि, नक्सलियों के कैंप को भी ध्वस्त कर दिया गया है। मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त नहीं हुई है। शुक्रवार देर रात मुठभेड़ हुई है। शनिवार को ऑपरेशन के बाद जवान जिला मुख्यालय लौटेंगे। इसके बाद ही पूरी जानकारी मिल पाएगी।
 

5379487