Logo
बीजापुर के जंगलों में एक बार फिर मुठभेड़ हुई। अब तक तीन नक्सली मारे जा चुके हैं। वहीं घटनास्थल से हथियार सहित नक्सल सामान भी बरामद किया गया है। 

गणेश मिश्रा-बीजापुर। छत्तीसगढ़ में जवानों का एंटी नक्सल ऑपरेशन सफल होता नजर आ रहा है। पिछले कई दिनों से लगातार मुठभेड़ हो रही है। वहीं बीजापुर के घने जंगलों में एक बार फिर मुठभेड़ हुई। अब तक तीन नक्सली मारे गए हैं। घटनास्थल से कुछ हथियार भी बरामद किया गया है। घटना उसूर थाना क्षेत्र की है। 

मिली जानकारी के अनुसार, तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा पर पुजारी कांकेर के कर्रीगुटा के जंगलों में डीआरजी, बस्तर फाईटर्स और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकली थी। इस दौरान नक्सलियों से उनकी मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में अब तक 3 नक्सली मारे गए हैं। घटनास्थल से एक LMG, एक AK 47 सहित अन्य हथियार सहित नक्सल सामान बरामद किया गया है। बीजापुर SP जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि, मुठभेड़ अब भी जारी है। 

recovered naxal material
बरामद किया गया नक्सल सामान

गुरिल्ला और कॉमबैट वार के लिए जानी जाती है  'ग्रेहाउंड्स' 

ग्रेहाउंड्स आंध्रप्रदेश के जवानों की एक टीम है, जो गुरिल्ला और कॉमबैट वार के लिए जानी जाती है। तेलंगाना जिले की स्थापना के बाद भी इस टीम को यथावत रखा गया। ग्रेहाउंड्स के जवानों ने आज बीजापुर के पुजारी कांकेर इलाके में तीन नक्सलियों को मार गिराया है। उसी इलाके में ग्रेहाउंड्स ने साल 2018 के अप्रैल माह में ही 8 नक्सलियों को और बीजापुर के उसूर ब्लॉक के जंगलों में 10 नक्सलियों को मार गिराया था। ग्रेहाउंड्स ने एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुकमा और पामेड़ के जंगलों में एक दर्जन से ज्यादा नक्सलियों को मार गिराया था। इसके अलावा नक्सलियों के एक विवाह कार्यक्रम में भी इन जवानों ने हमला कर दिया था। इस गोलीबारी में माओवादी नेता पापाराव को भी गोली लगी थी।  

नक्सलियों के अस्थाई कैंप को जवानों ने किया ध्वस्त 

वहीं नारायणपुर के मसपुर तमोरा में डीआरजी, बस्तर फाईटर्स और सीएएफ की टीम एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकली हुई थी। इस दौरान जवानों का दल घने जंगलों के बीच नक्सल कैंप तक पहुंचा। नक्सलियों के संत्री ने जवानों के पहुंचने की जानकरी दी। इस वजह से नक्सली मौके पर से भाग गए। जवानों ने नक्सलियों के बनाए गए अस्थाई कैंप को ध्वस्त कर दिया। मौके पर से उन्होंने बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, संचार उपकरण, नक्सली बैनर, वर्दी, नक्सल साहित्य और अन्य दैनिक उपयोगी सामान बरामद किया है।

5379487