Logo
आज देश का कोना-कोना भगवा रंग में रंगा हुआ है। मंदिरों में हवन-पूजन किया जा रहा है। रामभक्त प्रभु राम की भक्ति में लीन हैं। राजधानी भी श्री राम के स्वागत के लिए तैयार है।

राजधानी रायपुर में एक ही स्थान पर जलेंगे 11 लाख दीये

प्रदेश में 15 हजार स्थानों पर एलएडी पर होगा प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण

रायपुर। जिस घड़ी का सभी को बेताबी से इंतजार था, वह घड़ी अब आ गई है। सोमवार को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। इस कार्यक्रम का पूरे राज्य छत्तीसगढ़ के गांवों से लेकर शहरों में बड़ी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण होगा। विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बजरंग दल, भाजपा के साथ ही कई सामाजिक संगठन इस दिन के लिए अलग- अलग तैयारी की है। प्रदेश में 15 हजार स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर प्राण प्रतिष्ठा का लाइव दिखाया जाएगा। इसी के साथ 51 हजार मंदिरों में पूजा- अर्चना का कार्यक्रम होगा। राजधानी रायपुर के राम मंदिर में जहां पूजा- अर्चना होगी, वहीं शाम को हजारों दीये जलाए जाएंगे।

राजधानी के कोटा में 11 लाख दीये जलाए जाएंगे। जयस्तंभ चौक में अयोध्या का कार्यक्रम दिखाने बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। अंबिकापुर के स्टेडियम में एक लाख दीये जलेंगे विश्व हिंदू परिषद ने ही पूरे राज्य में गांव-गांव में कार्यक्रम करने का बड़ा जिम्मा उठाया है। उसके साथ आरएसएस, बजरंग दल, भाजपा और सामाजिक संगठन भी जुटे हैं। प्राण प्रतिष्ठा के पूरे कार्यक्रम को सुबह 11 से दोपहर को 1 बजे तक लाइव दिखाने की व्यवस्था की जा रही है।

बड़े शहरों में बड़ा कार्यक्रम

बड़े शहरों में बड़े कार्यक्रम भी होंगे। राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक में बड़ी स्क्रीन लगातार लाइव प्रसारण होगा। इसी के साथ राजधानी के कई स्थानों पर कार्यक्रम के प्रसारण के लिए बड़ी स्क्रीन लगेगी। भाजपा ने चार विधानसभाओं के 16 मंडलों में बड़ी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण करने की व्यवस्था की है। रात को जमकर आतिशबाजी भी होगी। रायपुर से ज्यादातर मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ प्रसाद का वितरण और भंडारा होगा। राजधानी में भंडारा और आतिशबाजी का कार्यक्रम होगा। मंदिरों में 101, 501 से 11 सौ 21 सौ दीये भी जलाए जाएंगे।

11 लाख दीये जलेंगे, महाआरती होगी

राजधानी रायपुर के कोटा स्थित राम कथा कार्यक्रम स्थल पर समाजसेवी बसंत अग्रवाल की अगुवाई में लाखों श्रद्धालुओं द्वारा शाम 6 बजे 11 लाख दीप प्रज्वलित कर भगवान श्री राम की महाआरती की जाएगी। इस दौरान कलकत्ता से आए कलाकारों द्वारा रंग बिरंगी आतिशबाजी की जाएगी।

 राम मंदिर में जलेंगे 1100 दीये

राजधानी रायपुर के राम मंदिर में 22 जनवरी को बड़ा कार्यक्रम होगा। मंदिर के पुजारी हनुमंत लाल ने बताया भगवान श्री राम का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर के हॉल में प्रोजेक्टर लगाकर अयोध्या के कार्यक्रम का लाइव दिखाया जाएगा। इसी के साथ शाम को मंदिर की तरफ से 11 सौ दीये जलाए जाएंगे। इसी के साथ भक्तों को भी आमंत्रित किया गया है। भक्त भी अपनी तरफ से दीये जलाएंगे ऐसे में हजारों की संख्या में दीये जलेंगे।

5379487