Logo
जालसाजों ने महिला अफसर को उनकी पुराने बीमा पॉलिसी के आधार पर नई बीमा पॉलिसी चालू कराने पर ज्यादा क्लेम मिलने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया।

रायपुर।  बीमा पॉलिसी वेरिफिकेशन और ज्यादा क्लेम दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक अंतर्राजीय जालसाज गिरोह से जुड़े सिंडिकेट गिरोह के 14 ठगों को पुलिस ने दिल्ली और उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है। जालसाजों ने टिकरापारा थाना क्षेत्र में रहने वाली बिजली विभाग की सेवानिवृत्त अधिकारी से 70 लाख रुपए  की ठगी की थी। इसके साथ ही जालसाजों ने राज्य के और कई शहर में लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। जालसाजों के कब्जे से पुलिस ने 57 की-पेड मोबाइल फोन, एक वायरलेस फोन, लैपटॉप, विभिन्न बीमा कंपनी के एक हजार पन्नों से अधिक दस्तावेज और 50 से ज्यादा फर्जी सिम कार्ड जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक जालसाजों ने महिला अफसर को उनकी पुराने बीमा पॉलिसी के आधार पर नई बीमा पॉलिसी चालू कराने पर ज्यादा क्लेम मिलने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया। जालसाजों ने महिला अफसर का विश्वास हासिल करने अपने आपको रायगढ़ में एसबीआई की बीमा कंपनी का कर्मचारी होने का झांसा दिया। साथ ही जालसाजों ने महिला को उनकी पुरानी बीमा पॉलिसी के बारे में डिटेल में जानकारी दी। इससे महिला जालसाजों के झांसे में आ गई और सेवानिवृत्ति की मिली रकम जालसाजों के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया। महिला अफसरद्वारा अपनी पॉलिसी की रकम मांगने पर जालसाजों ने अपना मोबाइल बंद कर दिया, तब उन्हें अपने साथ ठगी होने की जानकारी मिली।

कॉल सेंटर की आड़ में जालसाजी की दुकान

पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम दिल्ली में एक सप्ताह तक कैंप कर जालसाजों के बारे में तथा कॉल सेंटर के बारे में जानकारी जुटाकर छापा मारने पहुंची। पुलिस ने मौके प पर पाया कि कॉल सेंटर में 25 महिला स्टाफ सहित 50 से ज्यादा कर्मी काम कर रहे हैं। उनमें से पुलिस ने 14 जालसाजों की पहचान कर गिरफ्तार किया।

इन जालसाजों को पुलिस ने गिरफ्तार किया 

पुलिस ने जिन 14 जालसाजों को गिरफ्तार किया है, उनमें से चार जालसाजों के खिलाफ पूर्व में भी दुर्ग, दिल्ली में ठगी के अपराध दर्ज हैं। इनमें मनजेश कुमार चौहान, रवि चौहान, ऋषभ चौहान तथा एक अन्य शामिल है। इनके अलावा मनोज कुमार शर्मा, दिव्या कुमार, नीतिश कुमार, नीरज सिंह, तारक विश्वास, विनीत कुमार, मोनू सिंह, नजीम मंसूरी, रंजीत कुमार, मोहनीश बावनकर तथा अरुण सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

5379487