Logo
किसानों के बीच बिचौलिए इसलिए सब्जियां शतक मार रही  है। करेला के दाम दोगुने, मूली और बरबटी भी कई गुना कीमत पर बेची जा रहीं है।  

रायपुर। त्योहारी सीजन में सब्जियों के बढ़ते दाम ने एक बार फिर घरों तक का जायका बिगाड़ दिया है। बाजार में प्रमुख सब्जियों के दाम 100 का आंकड़ा छूने लगे हैं। इस लिस्ट में गोभी सबसे आगे हैं, जो बाजार में 100 से 110 के बीच बिक रहा है। इसके बाद टमाटर, करेला और फिर भिंडी और बरबट्टी शामिल है। सब्जियों के दाम अधिक होने के पीछे थोक व्यापारी स्थानीय आवक कम बता रहे हैं, वहीं बिचौलियों की भूमिका भी कीमत बढ़ाने में अहम है हरिभूमि की टीम सुबह 4 बजे शास्त्री बाजार में थोक सब्जी मंडी पहुंची। यहां तीन बजे ही सब्जियों की गाड़ी, धमधा, महासमुंद, आरंग और धरसीवा के साथ अन्य जिलों से पहुंचने लगी थीं। 4 बजे के बाद विभिन्न सब्जियों की बोली लगनी शुरू हुई।

स्थानीय किसानों का देसी टमाटर 50 रुपए किलो से शुरू होकर 60 तक रुका, जो दिनभर बाजारों में 100 रुपए किलो में बिका। सब्जियों के दाम महंगे होने से इसका सीधा लाभ किसानों को नहीं हो रहा है। किसानों ने हरिभूमि को बताया कि टमाटर, गोभी, करेला और अन्य सब्जी सस्ती है। बिचौलिए भी किसानों की सब्जी कम कीमत में खरीदकर नीलामी में अधिक दाम में बेच रहे हैं। थोक मंडी और बाजार में सब्जियों के दाम में 10 रुपए से लेकर 50 रुपए तक अंतर है। किसानों ने बताया कि 100 में मिलने वाली गोभी 70 किलो में बेचा है। शास्त्री बाजार में मंडियों में कुछ हरी सब्जियों की नीलामी में बोली 50 से शुरू होकर100 रुपए तक पहुंची। 

इसे भी पढ़ें...छत्तीसगढ़ में बनेगी फिल्म सिटी : राज्य सरकार का  बड़ा निर्णय, 250 करोड़ का प्रस्ताव

65 किलो में लगी गोभी की बोली

थोक व्यापारियों का कहना है कि सब्जियों के दाम कम होने में महीनेभर का समय लग सकता है। स्थानीय किसानों की नई फसल बाजार में आने के बाद ही लोगों को राहत मिलेगी। स्थानीय किसानों के पास सस्ती सब्जियां नवरात्रि में शहर में कई जगह भंडारा आयोजन होने से शनिवार की सुबह 4 बजे से ही बड़ी संख्या में लोग किसानों की सब्जी खरीदने पहुंचे। इस दौरान नीलामी में सब्जियों की बोली लगाई। शहर में शाम तक टमाटर 80 से 90 रुपए किलो पहुंच चुका था, लेकिन सुबह 5 बजे शास्त्री बाजार में स्थानीय किसानों के पास 60 रुपए किलो तक उपलब्ध रहा। इसी तरह बाजार में गोभी 100 रुपए किलो लोगों ने खरीदी, जो मंडी में किसानों ने 65 में बेचा। डूमरतराई में करेला 70 रुपए में चिल्हर में बिका, जो किसानों ने नीलामी में 25 से 30 किलो में बेचा।

नवंबर में कम होंगे सब्जियों के दाम 

अक्टूबर महीने में हरी सब्जियों के दामों में कोई परिवर्तन नहीं होगा। नंवबर के पहले पखवाड़े के बाद नई फसल आने से टमाटर, करेला समेत गोभी व भाजियों की कीमत कम होगी। थोक सब्जी व्यापारियों का कहना है कि स्थानीय किसानों का उत्पादन गुजरात और ओडिशा जा रहा है। इस वजह से चिल्हर के साथ-साथ थोक में भी सब्जियों को अच्छे दाम मिल रहे है। पहले केवल चिल्हर में सब्जियां 100 के पार पहुंचती थीं, लेकिन थोक में भी टमाटर, गोभी, धनिया और मिर्च के दाम 100 रुपए किलो तक हैं।

इसे भी पढ़ें... सड़क हादसा : पिकअप ने पुलिस कांस्टेबल को मारी टक्कर, मौके पर हुई मौत 

60 में खुला टमाटर का भाव

सुबह 3 बजे से शास्त्री बाजार में स्थानीय किसानों के साथ दूसरे जिलों से भी सब्जियों की गाड़ियों का आना शुरू हो चुका था। जैसे ही 4 बजे सब्जियों की नीलामी शुरू हुई। सबसे पहले 60 रुपए किलो के साथ टमाटर का भाव खुला। इसी तरह गोभी की नीलामी में दाम 50 से शुरू हुए, जो देखते ही देखते 65 से 70 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए। करेला 25 रुपए किलो पर खत्म  हुआ। इसी तरह बरबट्टी 20 रुपए किलो से शुरू होकर 35 रुपए किलो तक पहुंची। छोटी भिंडी 20 रुपए किलो और भाटा 37 जाकर रुका।

थोक सब्जियों में दिखा 10 से 20 रुपए का अंतर

डूमरतराई सब्जी मार्केट में सुबह 5 बजे से 8 बजे तक सब्जियों की नीलामी का सिलसिला चलता रहा। यहां टमाटर शास्त्री बाजार की तुलना में 10 रुपए महंगे मिले। व्यापारी ने बताया कि टमाटर का भाव 70 रुपए किलो के साथ शुरू हुआ। भिंडी 30 रुपए तक थोक में रही। इसी तरह धनिया भी 100 से शुरू होकर 150 किलो तक पहुंचा। थोक में ही ये सब्जियां 100 का आंकड़ा पार कर गई, इसलिए चिल्हर बाजार में भी इसके दाम सर्वाधिक रहे।

थोक में भी महंगी हैं सब्जियां

थोक सब्जी मंडी के अध्यक्ष श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि, थोक सब्जी बाजार में सभी हरी सब्जियों के दाम कुछ दिनों से बढ़े हुए हैं। एक से दो सप्ताह के बाद दाम कम होंगे। स्थानीय किसानों का उत्पादन अभी तक है। इस वजह से गोभी, टमाटर और अन्य सब्जियों के दाम अधिक हैं।

डंगनिया, कुशालपुर और राजेंद्र नगर के चिल्हर में सब्जियों के दाम

सब्जियां थोक    चिल्हर 
टमाटर   60 80-90
गोभी       65 100 
करेला 25-30       70
धनिया  150     170
भिंडी 20-40 60-70
बरबट्टी 35       50
बैंगन 40  70

 

5379487