Logo
हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने अपने दोस्तों के साथ एक परिवार पर हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक परिवार पर हमला कर दिया। पहले तो आरोपियों ने परिवार के लोगों को अपशब्द कहा जब उन्हें रोका गया तो वे घर में घुस गए। इसके बाद एक व्यक्ति की जांघ पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

police station
रायपुर पुलिस थाना

मिली जानकारी के अनुसार, फिरोजा बानो ने 11 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि, पड़ोस में रहने वाला दिलकश अली कई बार परिवार से लड़ाई-झगड़ा कर चुका है। वहीं गुरूवार की शाम करीब 6 बजे वह अपने घर के सामने बर्तन मांझ रही थी। इस दौरान दिलकश अपने दो दोस्तों ताबीज और साहिल के साथ आया। इसके बाद वे तीनों घर के सामने आकर पुराने झगड़े को लेकर अपशब्द कहने लगे। जब फिरोजा और बेटी ने उन्हें ऐसा करने से मना किया और रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने उनपर हमला कर दिया। जब फिरोजा के पति उनके हमले को रोकने के लिए उनके बीच आए तो उन्होंने उनपर भी हमला कर दिया।

चाकू से किया हमला, युवक घायल

आरोपियों ने चाकू से अली हसन पर हमला कर दिया। चाकू उनके जांघ पर लगा, जिससे वे घायल हो गए। वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वहीं तीनों आरोपी मौके पर से फरार हो गए। इसके बाद आसपास के लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

मामले की जानकारी मिलने के बाद ही पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। एंटी क्राइम साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाने की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ किया। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपियों तक पहुंची और तीनों आरोपियों दिलकश अली, ताबीज अली और साहिल अली को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से वारदात में प्रयोग किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

5379487