रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ ने जय भीम पदयात्रा का आयोजन किया। इस दौरान पदयात्रा में शामिल होकर सीएम साय ने छत्तीसगढ़ वासियों को भीमराव जयंती की बधाई दी। पदयात्रा में खेलमंत्री टंक राम वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, पुरंदर मिश्रा और आरंग विधायक खुशवंत साहेब शामिल हुए।
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा- बाबा साहब को नमन करते हैं, जिन्होंने संविधान का निर्माण किया है। इसके माध्यम से विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत चल रहा है। संविधान हमें स्वतंत्रता से जीने का अधिकार देता है। कांग्रेस के संविधान को लेकर आरोप पर कहा कि, वैसे कांग्रेस देश की जनता का विश्वास खो चुकी है।

इमरजेंसी लगाने वाले संविधान की बात कर रहे- सीएम साय
सीएम साय ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा- यह संविधान की बात करते हैं जिन्होंने देश में इमरजेंसी लगाई। लाखों लोगों कों जेल के अंदर ठूस दिया। इन्होंने अपने स्वार्थ के कारण संविधान के साथ खिलवाड़ किया है। गलत तरीके से संशोधन किया है। ऐसे लोगों के मुख से इस तरह की बात करना शोभा नहीं देती।
कांग्रेस अपने पैर पर खड़े हो जाए फिर बात करे - सीएम साय
कांग्रेस की न्याय यात्रा को लेकर सीएम विष्णु देव साय ने कहा- यह लोग कुछ भी करें। इनका छत्तीसगढ़ में पूरा सुपड़ा साफ हो गया है। सभी चुनाव में यह जिस बुरी तरह से हारे हैं। इनको पराजय का मुंह देखना पड़ा है। यह लोग पहले अपना घर परिवार संभाल ले। थोड़ा ठीक से अपने पैर पर खड़ा हो जाए फिर बात करें।
मुख्यमंत्री युवाओं के साथ हुए पदयात्रा में शामिल
मुख्यमंत्री इस पदयात्रा में युवाओं के साथ शामिल हुए और पदयात्रा के अंतिम पड़ाव में अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया और संविधान की मूल भावना के प्रति निष्ठा और प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए प्रिएम्बल वाल पर अपने हस्ताक्षर किए। उल्लेखनीय है कि जय भीम पदयात्रा का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग और नेहरू युवा केंद्र संगठन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था।
बाबा साहब की दूरदर्शिता को बताया लोकतंत्र की नींव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, मध्यप्रदेश के मऊ में जन्म लेकर कठिन संघर्षों के बाद बाबा साहब ने उच्च शिक्षा प्राप्त की और भारत जैसे विशाल लोकतंत्र को एक समावेशी और शक्तिशाली संविधान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है, जिससे नई पीढ़ी उनके विचारों से प्रेरणा ले सके। साथ ही संविधान दिवस की घोषणा कर देशवासियों को संविधान के प्रति समर्पण का संदेश दिया है।
लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
साय ने कहा कि, बाबा साहब की दूरदर्शिता की वजह से आज भारत जैसा विशाल देश अपने लोकतांत्रिक मूल्यों को लगातार समृद्ध कर रहा है, वहीं भारत के साथ आज़ाद हुए अन्य देश लोकतंत्र को साथ लेकर नहीं चल पाए। उन्होंने युवाओं से भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और उन्हें मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अंबेडकर सबके लिए प्रेरणादायी हैं- टंकराम वर्मा
कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि, डॉ. भीमराव अंबेडकर का पूरा जीवन हम सबके लिए प्रेरणादायी है। उनके अगुवाई में ही देश के संविधान का निर्माण किया गया। उनके आदर्शों एवं बताए गए रास्तों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। वहीं इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समाज में विशिष्ट योगदान देने वाले युवाओं को मुख्य मंच से सम्मानित किया।