Logo
अपहरण के मामले में गिरफ्तार आरोपी परिवार सहित छह लोगों को राजस्व विभाग ने नोटिस जारी किया है। 

संतोष कश्यप: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अपहरण के मामले में गिरफ्तार आरोपी परिवार सहित छह लोगों को राजस्व विभाग ने नोटिस जारी किया है। इन पर आरोप है कि, उन्होंने आदिवासियों की जमीन पर कब्जा कर घर बनाया है। इस मामले में लुण्ड्रा तहसीलदार ईश्वर चंद यादव ने नोटिस जारी किया है। पूरा मामला रघुनाथपुर थाना क्षेत्र का है। 

दरअसल, सोमवार को दो आरोपियों ने नवमी कक्षा की परीक्षा देकर घर जा रही दो नाबालिग छात्राओं का अपहरण कर लिया था। घटना के बाद से दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। भीड़ इतनी आक्रोशित हुई कि, आरोपियों के घरों पर पथराव किया और आगजनी की कोशिश की। स्थिति को देखते हुए सोमवार देर रात से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। उग्र भीड़ ने थाने का भी घेराव किया था। 

दोनों आरोपी गिरफ्तार 

इधर पुलिस ने साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की मदद से छात्राओं सहित दोनों आरोपियों को रांची बस स्टैण्ड से पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों छात्राओं को परिजनों के हवाले कर दिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अब राजस्व विभाग ने आरोपी परिवार सहित छह लोगों को नोटिस जारी किया है। 

5379487