Logo
बालोद में आज कृषक उन्नति योजना का केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा के द्वारा शुभारंभ किया गया। जहां सीएम विष्णुदेव साय ने जनसभा को संबोधित किया। 

अक्षय साहू- दीपक मित्तल। बालोद। छत्तीसगढ़ में मंगलवार को कृषक उन्नति योजना का केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा के द्वारा शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएम विष्णुदेव साय ने की इस दौरान एमपी के सीएम मोहन यादव सहित कई बीजेपी नेता मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभा को संबोधित करते हुए सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि, आज वह शुभ दिन है जब यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसान भाइयों के बैंक खातों में 13 हजार 320 करोड़ रुपए की आदान सहायता राशि का अंतरण किया जा रहा है। 

मंच पर बैठे बीजेपी नेता
मंच पर बैठे बीजेपी नेता

आज 151 जगहों पर यह कार्यक्रम हुआ। आज के कार्यक्रम में 24 लाख 75 हजार से अधिक किसानों के खातों में राशि भेजी जा रही है। इनमें से 24 लाख 72 हजार से अधिक वे किसान हैं जिन्होंने इस साल धान बेचा था। इन्हें 13 हजार 289 करोड़ रुपए की अंतर की राशि दी जा रही है। इसी तरह 02 हजार 829 धान बीज उत्पादक किसानों को भी बीज निगम के माध्यम से अंतर राशि, 31 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ने पर मुख्यमंत्री श्री साय ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ रमन सिंह का धन्यवाद किया।

सीएम साय बोले- 13 लाख से ज्यादा किसानों को मिला बोनस का लाभ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आगे कहा कि, हमारी सरकार ने किसान भाइयों से किए गए वादे के अनुरूप अटल जी के जन्म दिवस, सुशासन दिवस पर 2 साल के बकाया धान बोनस 3716 करोड़ रुपए का अंतरण भी किसान भाइयों के खातों में कर दिया है। 13 लाख से ज्यादा किसानों को बोनस का लाभ मिला है। इस साल प्रदेश में 145 लाख टन धान की रिकॉर्ड खरीदी हुई है, जो पिछली सरकार द्वारा की गई खरीदी से 37 लाख मीटरिक टन अधिक है। मोदी जी ने गारंटी दी थी कि, छत्तीसगढ़ में सरकार बनने पर गरीबों के लिए 18 लाख आवासों का निर्माण किया जाएगा। सरकार बनने के दूसरे ही दिन हमने कैबिनेट की बैठक में इस बारे में निर्णय ले लिया है, अप्रैल माह से तीव्र गति से मकान बनने शुरू होंगे। मोदी जी ने महिलाओं को महतारी वंदन योजना शुरू करने की गारंटी दी थी। यह योजना भी शुरू हो चुकी है। परसों 10 मार्च को माननीय प्रधानमंत्री जी के करकमलों से राज्य की 70 लाख माताओं और बहनों के बैंक खातों में 655 करोड़ रुपए की राशि अंतरित कर दी गई है।

एमपी के सीएम मोहन यादव बोले- पीएम मोदी के नेतृत्व में देश कर रहा चहुमुखी विकास 

अपने संबोधन में एमपी के सीएम मोहन यादव ने कहा कि, मोदी जी के नेतृत्व में देश चहुमुखी विकास कर रहा है। मोदी जी हर विभाग के लिए जनता के हित में बहुत सारे पैसे दे रहे हैं, इन पैसों को खर्च करने में हमारे पसीने छूट जाते हैं। मोदी जी ने महिलाओं का सम्मान किया, किसानों के लिए ऐसी योजनाएं बनाई जिनसे उन्हें आर्थिक मजबूती मिली। छत्तीसगढ़ का विकास अब जेट गति से आगे जाएगा। छत्तीसगढ़ की जनता ने अच्छे-अच्छे गणित फैल कर दिए। 15 साल छत्तीसगढ़ में डॉ रमन सिंह जी की सरकार रही। चारो तरफ विकास हुआ। छत्तीसगढ़ में महज तीन महीने सरकार बने हुई है, इन तीन महीनों में काम बड़ा आगे बढ़ा। ऐसा लग रहा है मानो छत्तीसगढ़ में धन की बरसात हो रही है। 22 जनवरी का दिन कोई नहीं भूल सकता, 500 वर्षों के कड़े संघर्ष के बाद आज अयोध्या में सरयू नदी के तट पर हमारे श्रीरामलला मुस्कुरा रहे हैं। 

5379487