Logo
शराब घोटाला केस में एक बार फिर ईओडब्लू ने बड़ी कार्रवाई की है। जहां एजेंसी ने आरोपी अनवर ढेबर के पिता के धनेली स्थित खेत में गड़ा नकली होलोग्राम का जखीरा बरामद किया है। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला केस में एक बार फिर ईओडब्लू ने बड़ी कार्रवाई की है। जहां एजेंसी ने आरोपी अनवर ढेबर के पिता के धनेली स्थित खेत में गड़ा नकली होलोग्राम का जखीरा बरामद किया है। होलोग्राम जले हुए मिले हैं, जिससे नकली होलोग्राम को जलाकर छिपाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं ईओडब्ल्यू ने अनुराग द्विवेदी, अमित सिंह और दीपक द्वारी को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों से अब ईओडब्ल्यू पूछताछ करेगी, जिसमें बड़ा खुलासा हो सकता है। 

एसीबी के विश्वस्त सूत्रों की मानें तो, उन्हें मुखबीर के जरिए धनेली के एक खेत में होलोग्राम दबे होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद एसीबी की टीम ने वहां रेड मारी। जब जेसीबी से जमीन की खोदाई कराई गई तो जमीन के नीचे से जले हुए होलोग्राम मिले। अफसरों ने बताया कि, धनेली में जिस खेत से यह होलोग्राम जब्‍त किया गया है। वह रायपुर के महापौर एजाज ढेबर और अनवर ढेबर के पिता जहीर हाजी अहमद के नाम पर है। शराब घोटाला में ईडी के छापों के बाद ही इन होलोग्राम को जलाने का प्रयास किया गया था, लेकिन वे पूरी तरह जल नहीं पाए थे। 

जले हुए नकली होलोग्राम
जले हुए नकली होलोग्राम

हाल ही में 10 हजार से अधिक पन्नों का चालान कोर्ट में किया गया है पेश 

आपको बता दें कि,  शराब घोटाला में इन्हीं नकली होलोग्राम का प्रयोग किया गया था। ईडी के बाद एसीबी भी इस केस की जांच कर रही है। एसीबी ने हाल ही में 10 हजार से अधिक पन्नों का चालान कोर्ट में पेश किया है। अफसरों की मानें तो दोनों एजेंसियों की लंबी जांच के बावजूद अब तक नकली होलोग्राम किसी के हाथ नहीं लगा था। ये अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। 

5379487