Logo
नई सरकार ने महिला सशक्तिकरण का एक नया रास्ता अपनाया। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह हजार रुपये दिए जाएंगे। इससे उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा। 

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ की महिलाओं को दी गारंटी को पूरा किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव के नेतृत्व में नई सरकार ने महिला सशक्तिकरण का एक नया रास्ता अपनाया। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की पात्र विवाहित महिलाओं को 12 हजार रूपए दिए जाएंगे। इससे महिलाओं के खाते में हर माह डीबीडी के माध्यम से एक हजार रूपए आएंगे। इसका उपयोग वह अपनी जरूरत और इच्छा के अनुसार कर सकेंगी। इससे महिलाओं की छोटी-छोटी खुशियों को गारंटी मिलेगी। 

बता दें कि, महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई महतारी वंदन योजना के लिए राज्य सरकार ने वर्ष 2024-25 के बजट में 3,000 करोड़ रूपए का प्रावधान किया है। इससे महिलाओं की न सिर्फ रोजमर्रा की छोटी-मोटी जरूरतें पूरी होंगी बल्कि उन्हें आर्थिक संबल भी मिलेगा। योजना को लेकर शुरू से ही महिलाओं में उत्साह का माहौल रहा। 5 फरवरी को आवेदन करने के पहले ही दिन 1 लाख 81 हजार से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया। इसके बाद लगातार फार्म भरने का सिलसिला भी बढ़ता रहा। योजना के तहत 20 फरवरी को अंतिम तिथि तक लगभग 70 लाख महिलाओं ने आवेदन जमा कर दिया। आवेदन जमा करने और आपत्ति के निराकरण के बाद 10 मार्च को महिलाओं को पहली किस्त की राशि मिली। इससे वे काफी खुश हैं। 

mahatari vandan yojana
योजना के तहत मिले पैसे तो झूम उठी महिलाएं

आर्थिक मामलों में कम है महिलाओं की सहभागिता 

महिलाएं घर-परिवार की देखभाल और प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। महिलाएं अपनी छोटी-मोटी बचत का उपयोग ज्यादातर परिवार और बच्चों के पोषण में खर्च करती हैं। लेकिन आर्थिक मामलों में उनकी सहभागिता अभी भी बहुत कम है। राज्य सरकार महिलाओं की आर्थिक सहभागिता बढ़ाने के लिए काम कर रही है। महिलाओं के स्वास्थ्य की बात करें तो 2020-21 में हुए राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे-5 के अनुसार 23.1 प्रतिशत महिलाएं मानक बॉडी मास इंडेक्स से कम स्तर पर हैं। 15 से 49 वर्ष के आयु की महिलाओं में एनीमिया का स्तर 60.8 प्रतिशत और गर्भवती महिलाओं में यह 51.8 प्रतिशत है। ऐसे में महतारी वंदन योजना उनके लिए बड़ी राहत बनकर आई हैं।

इन पैसों से पूरी होंगी छोटी-छोटी खुशियां 

वहीं महिलाओं ने प्रतिमाह एक हजार रुपये मिलने से अपनी पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने की तैयारी कर ली है। बातचीत में रायपुर की सविता साहू ने कहा कि, तीज-त्योहारों में उन्हें मायके से जो भी राशि मिलती है, उसका वह मनचाहा खर्च करती हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री साय भी मुझे भाई की तरह लग रहे हैं जो हर महीने तीज के पैसे एक हजार रुपये देंगे। वहीं धमतरी की लोमेश्वरी ओझा बोली कि, मेरी छोटी-छोटी खुशियां इस राशि से पूरी होगी। मैं अपने बच्चों के लिए भी राशि खर्च कर सकूंगी।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की विशेष पहल

महतारी वंदन योजना से मिले पैसों को महिलाएं परिवार के साथ-साथ खुद के स्वास्थ्य, पोषण और जीवन स्तर को उठाने में उपयोग कर सकेंगी। इससे पैसों के लिए अपने परिजनों पर निर्भरता कम होगी और समाज में उनके प्रति भेदभाव में कमी और जागरूकता आएगी। निश्चित रूप में आने वाले दिनों में महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ की आधी आबादी की आत्मनिर्भरता को सुनिश्चित करने में सहायक होगी। 

Women checking money in account
घंटी बजते ही एकाउंट में पैसे चेक करती हुई महिलाएं
5379487